अमर उजाला ब्यूरो
बहादुरगढ़।
गांव सोलधा में बृहस्पतिवार की सुबह एक ही कुनबे के लोगों में हुए विवाद में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का पीजीआई रोहतक में इलाज चल रहा है। पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
गांव सोलधा का निवासी राजेश (40) बृहस्पतिवार की सुबह अपनी पत्नी प्रमिला के साथ पशुओं के लिए ज्वार भरोटा लेने गया था। करीब साढ़े सात बजे जब वे वापस अपने घर की ओर आ रहे थे तो उनके ही कुनबे के राकेश, रामकुमार, जयकिशन व रामकुमार कीपत्नी ने उनकी बाइक को रुकवा लिया। इस बीच दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। कुछ ही देर में दोनों पक्षों के लोग एकत्र हो गए और लाठी, डंडे व जेलियां चलने लगीं। आरोप है कि एक पक्ष के लोगों ने राजेश की गर्दन, छाती व सिर पर जेली से हमला कर दिया। इस घटना में राजेश गंभीर रूप से घायल हो गया। लहूलुहान अवस्था में उसे बहादुरगढ़ के सरकारी अस्पताल में लाया गया, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस झगड़े में दोनों पक्षों के अन्य लोगों को भी चोटें आई हैं। दूसरे पक्ष से राकेश व रामकुमार पीजीआई रोहतक में भर्ती हैं।
पुलिस को दी शिकायत में मृतक के छोटे भाई कृष्ण ने कहा है कि जब यह वारदात हुई तो वह भी खेतों में घूमकर वापस आ रहा था। उसने देखा कि गांव में जिप चेयरमैन के आफिस के पास हमलावर बाइक सवार उसके भाई राजेश पर पत्थर फेंक रहे थे। इससे असंतुलित होकर बाइक गिर गई। इस दौरान राकेश ने उसके भाई की गर्दन पर जेली मारी। इसके बाद मुकेश ने छाती पर जेली मार दी। फिर जयकरण, सुंदर, सुमन व सुखबीरी आदि ने भी लाठी डंडों से पीटना शुरू कर दिया। उन्होंने भागकर अपने भाई को बचाने की कोशिश की तो उन पर भी हमला कर दिया। शोर शराबा सुनकर जब भतीजा रोहित व कुछ लोग वहां पहुंचे, तो हमलावर फरार हो गए। उन्होंने बताया कि 20 दिन पहले भी इन लोगों ने भाई-भाभी के साथ झगड़ा किया था। लेकिन तब आपसी समझौते से सुलह हो गई थी।
दूसरे पक्ष के नहीं हुए बयान
इस झगड़े में दूसरे पक्ष के कुछ लोग भी घायल हुए हैं। घायल राकेश व रामकुमार पीजीआई रोहतक में भर्ती हैं। फिलहाल उनके बयान नहीं हो पाए हैं।
अधिकारी बोले
झगड़े का कारण पुराना विवाद बताया जा रहा है। असल कारणों की पुष्टि तो जांच पूरी होने के बाद हो पाएगी। उधर, सदर थाना पुलिस प्रभारी इंस्पेक्टर जसबीर सिंह ने कहा कि मृतक के भाई के बयान पर दूसरे पक्ष के सात लोगों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 302 के तहत केस दर्ज किया गया है। मामले की जांच जारी है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।