शादी समारोह में जा रहे युवक को किया अगवा, बंधक बनाकर दी यातनाएं
अमर उजाला ब्यूरो
चरखी दादरी।
शादी समारोह में शामिल होने गांव रावलधी जा रहे व्यक्ति को अज्ञात लोगों ने अगवा करने के बाद बंधकर बनाकर अमानवीय यातनाएं दी हैं। बाढड़ा पुलिस ने बयान दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित को सिविल अस्पताल में दाखिल करवाया गया है।
दादरी सिविल अस्पताल में उपराधीन बाढड़ा थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी ने बताया कि वह शुक्रवार शाम को गांव रावलधी जा रहा था। जब वह बाढड़ा के समीप पहुंचा तो वाहन में तीन-चार लोगों ने उसे देखकर गाड़ी रोक ली। उन लोगों ने उसको अपने वाहन में बिठाकर कहा कि वे उसे गांव रावलधी तक पहुंचा देंगे। वाहन सवार लोगों ने उस पर कंबल डालकर उसके हाथ बांध दिए। इन लोगों ने उसके साथ मारपीट भी की। तत्पश्चात वाहन सवार लोग उसे निर्जन स्थान की तरफ ले गए। वहां ले जाकर वाहन सवार लोगों ने उसको रस्सियों से बांध दिया। अस्पताल में उपचाराधीन पीड़ित ने बताया कि वाहन सवार लोगों ने उसे अमानवीय शारीरिक यातनाएं दी। सुबह करीब चार बजे आरोपी उसे छोड़कर फरार हो गए। तत्पश्चात वह जैसे-तैसे वह बाढड़ा पहुंचा और घटना की सूचना परिजनों को दी। परिजनों ने उसे संभाला और दादरी सिविल अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने उसका उपचार शुरू किया। पीड़ित के कमर, मुंह, पैर में गहरी चोटें आई हैं। पीड़ित के प्राइवेट पार्ट में भी जख्म बने हैं। बाढड़ा पुलिस एएसआई सोमबीर सिंह का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।