अमर उजाला ब्यूरो
बहादुरगढ़।
दिल्ली निवासी एक महिला के साथ होटल में दुष्कर्म करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोपी रोहतक निवासी युवक को बहादुरगढ़ पुलिस ने सोमवार को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया। जहां से आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
थाना सदर बहादुरगढ़ प्रभारी जसबीर सिंह ने बताया कि बादली पुलिस चौकी की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर आरोपी सेक्टर-14 रोहतक निवासी अनिल दहिया को रोहतक में दिल्ली बाइपास से काबू किया। उन्होंने बताया कि दिल्ली के मोतीबाग निवासी महिला ने आरोपी के खिलाफ थाना सदर बहादुरगढ़ में रेप का मामला दर्ज कराया था। महिला ने कहा था कि उसकी अनिल निवासी रोहतक से पासपोर्ट व नौकरी के संबंध में फोन पर बातचीत हुई थी। 22 सितंबर को उसने नौकरी के संबंध में उसे बहादुरगढ़ बुलाया। वह बहादुरगढ़ बाइपास पहुंची जहां से अनिल उसे अपनी गाड़ी में बैठा कर क्लब प्लैटिनम रिसोर्ट में ले गया। यहां उसने धमकी देते हुए जबरदस्ती बीयर पीने को कहा और फिर जान से मारने की धमकी देकर उससे दुष्कर्म किया। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी अनिल केंद्रीय आबकारी विभाग में बतौर अधिकारी हांसी में तैनात है। आरोपी अनिल महिला को जिस कार से आसौदा के पास स्थित क्लब तक लाया था उस गाड़ी को भी बरामद कर लिया है।
बता दें कि पुलिस पर आरोपी के खिलाफ उचित कार्रवाई न करने का आरोप लगाते हुए महिला ने कुछ दिन पहले पंचकूला में जहरीला पदार्थ निगल लिया था।
- सेंट्रल एक्साइज विभाग में हांसी में तैनात है आरोपी