अमर उजाला ब्यूरो
चरखी दादरी। हमलावरों से अपने भाई को छुड़ाने का प्रयास करने पर वाल्मीकि बस्ती निवासी एक श्रमिक से ही हमलावरों द्वारा मारपीट करने का मामला प्रकाश में आया है। हमले में घायल श्रमिक को उपचार के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां पुलिस को दिए बयान में घायल ने दोनों आरोपियों पर रॉड और ईंट मारने के आरोप लगाए हैं, जिसके आधार पर सिटी थाना पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस को दिए बयान में अमित ने बताया कि वह श्रमिक है और सोमवार शाम को घर पर ही था। अमित ने बताया कि उसका भाई बाजार से सब्जी लेकर आया और उसने बाइक अंदर खड़ी कर दी। इसी दौरान दो युवक वहां आए और उसके भाई को पीटने लगे। जब उसने अपने भाई को छुड़ाने का प्रयास किया तो उक्त दोनों युवकों ने उस पर ही हमला बोल दिया। हमलावरों ने पहले लोहे की रॉड और फिर ईंट मारकर उसे घायल कर दिया। इसके बाद आरोपी उसे धमकी देते हुए फरार हो गए। इसके बाद परिजनों ने उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया।