अमर उजाला ब्यूरो
चरखी दादरी। नौरंगाबास जाटान निवासी एक युवक की तीन लोगों ने खेत से जाने की बात कहने पर पिटाई कर दी। बचाव करने आए युवक के दोस्त के साथ भी आरोपियों ने मारपीट की। भिवानी सिविल अस्पताल में उपचाराधीन घायल मनोज के बयान पर सदर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दिए बयान में घायल ने गाड़ी के शीशे तोड़ने और सामान निकालकर ले जाने का भी आरोप लगाया है।
पुलिस को दिए बयान में घायल मनोज ने बताया कि 31 दिसंबर को तीन युवक उनके खेत में बनी झोपड़ी में बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान वह गागडवास निवासी दोस्त रवि के साथ वहां पहुंचा। उसने उक्त युवकों को अन्य जगह जाकर शराब पीने की बात कही। इस पर उक्त युवक उठकर चले गए। मनोज का आरोप है कि करीब 20 मिनट बाद उनमें से एक युवक वहां आया और उससे मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद दो महिलाएं और उसके अन्य साथी भी वहां पहुंचे। उन्होंने उन दोनों की पिटाई शुरू कर दी। घायल का आरोप है कि उक्त लोगों ने उसकी गाड़ी के शीशे तोड़ दिए और गाड़ी से स्टेपनी, टायर व बूफर निकालकर ले गए। इसके बाद घायल को दादरी सिविल अस्पताल में लाया गया और उसे प्राथमिक उपचार के बाद भिवानी रेफर कर दिया गया। पुलिस ने घायल युवक के बयान पर केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।