अमर उजाला ब्यूरो
चरखी दादरी। चंपापुरी क्षेत्र स्थित प्राचीन शिव मंदिर में दो दिन पूर्व हुई तोड़फोड़ का मामला गर्मा गया है। शिवसेना साधु विंग जिला कार्यकारिणी वीरवार को 48 घंटे में दोषी की गिरफ्तारी नहीं होने पर कड़े कदम उठाने की चेतावनी दे चुकी है। शुक्रवार को अन्य धार्मिक संगठन भी इस पक्ष में उतर आए। शुक्रवार को बजरंग दल व विश्व हिंदू परिषद सदस्यों ने भी दोषी की गिरफ्तारी न होने पर कड़े कदम उठाने की चेतावनी देने के साथ-साथ मंदिर निर्माण कराने का भी एलान किया है। यह फैसला शुक्रवार को आयोजित बैठक में लिया गया।
संदीप बजरंगी व नगर संयोजक गौरव हिंदू ने बताया कि भगवान शिव मंदिर में कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा तोड़ फोड़ किए जाने से श्रद्धालुओं में खासा रोष व्याप्त है। इस घटना की धार्मिक व सामाजिक संगठनों ने कड़ी निंदा की है। संयोजक राहुल ने कहा कि यह घटना शहर में होना चिंताजनक है। इस तरह की घटनाओं से धार्मिक भावनाएं तो आह्त होती हैं। बजरंग दल ने प्रशासन को चेताते हुए कहा कि अगर जल्द प्रशासन ने इस विषय में कोई संज्ञान नहीं लिया तो हिंदू समाज व बजरंग दल मिलकर मंदिर निर्माण करेंगे। बैठक में समाजसेवी रिंपी फौगाट व शिव सेना साधु विंग जिला अध्यक्ष सोनूनाथ आदि भी मौजूद रहे।