फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

एसबीआई बैंक में की सेंधमारी, नौ लाख का कैश नहीं ले जा पाए चोर

विज्ञापन
विज्ञापन
एसबीआई की शाखा में चोरी का प्रयास, स्ट्रांग रूम की सेफ न खुलने से नहीं ले जा सके नौ लाख
विज्ञापन

चरखी दादरी/बौंदकलां।
चोरों ने सोमवार को बौंदकलां स्थित दादरी रोहतक मुख्य मार्ग पर स्थित एसबीआई बैंक शाखा को तीसरी दफा अपना निशाना बनाने का प्रयास किया। उन्होंने शनिवार और रविवार को अवकाश के चलते बैंक की शाखा की दीवार में सेंधमारी कर लाखों की नकदी उड़ाने का प्रयास किया, लेकिन स्ट्रांग रूम की सेफ तोड़ने में असफल रहे। बैंक के सूत्रों ने बताया कि सेफ तोड़ने में नाकामयाब रहने से करीब नौ लाख रुपये का कैश चोरी होने से बच गया। इससे पहले के दो प्रयासों में एक बार तो चोर स्ट्रांग रूम तक नहीं पहुंच पाए थे जबकि एक बार पहले बैंक गेट के ताले चटकाने में भी सफल नहीं हुए थे। वहीं, चोरों के बैरंग लौटने के बाद बंदरों के झुंड ने भी बैंक परिसर में सेंधमारी के रास्ते घुसकर उत्पात मचाया। इसके चलते सोमवार को दिनभर बैंक शाखा का कामकाज प्रभावित रहा। मामले की सूचना पाकर बौंदकलां थाना पुलिस व फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट टीम मौके से सबूत जुटाने पहुंची। वहीं, सीसीटीवी कैमरों के तार काटे जाने से चोर गिरोह की आधी करतूूतें ही कैद हो पाई। सीसीटीवी फुटेज में 15 जनवरी की रात करीब सवा बजे बैंक परिसर में नकाबपोश दो युवक दाखिल होते नजर आए हैं। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को अपने कब्जे में ले लिया है। इस संबंध में बैंक अधिकारियों ने पुलिस को लिखित में शिकायत दी है। इस पर संज्ञान लेते हुए पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
सोमवार सुबह कार्यकारी मैनेजर धीरज शर्मा और अन्य स्टाफ सदस्य बैंक में पहुंचे तो समीप के दुकानदारों ने बताया कि बैंक की फाइलें पीछे गली में पड़ी हुई हैं। बैंक मैनेजर ने गली में देखा तो उन्हें बैंक रिकॉर्ड मिला। इसके बाद बैंक कर्मचारियों ने बैंक के साथ लगती दुकानों की छत पर जाकर देखा तो बैंक की दीवार टूटी नजर आई। इसके बाद अवकाश पर चल रहे बैंक मैनेजर राजकुमार वधवा भी मौके पर पहुंच गए। बैंक प्रबंधन ने जब बैंक खोला तो कंप्यूटर, फाइल, चेयर और अन्य सामान बिखरा पड़ा था। इसके तुरंत बाद बैंक प्रबंधन ने मामले की सूचना पुलिस को दी। इसके बाद करीब नौ बजे बौंदकलां एसएचओ विक्रम सिंह अपनी टीम सहित मौके पर पहुंचे और उन्होंने स्थिति का जायजा लिया।
विज्ञापन

फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट की टीम ने किया मुआयना
पुलिस की प्रारंभिक जांच के बाद में चरखी दादरी से साढ़े दस बजे फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट पुष्पेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने बैंक शाखा में पहुंचकर स्ट्रांग रूम में जाकर सेफ और वस्तुओं से जांच की और फिंगर प्रिंट लिए।
रैकी कर दिया गया वारदात को अंजाम
चोरों ने जिस तरह से बैंक में सेंध लगाई गई ऌै इससे स्पष्ट है कि चोरों ने पहले रैकी भी की है। चोर बैंक परिसर के साथ लगते किसान बीज केंद्र की छत पर पहुंचे और यहीं से बैंक की दीवार में सेंध लगाई। दीवार तोड़ने के बाद ही दो युवक बैंक में घुसे और सबसे पहले उन्होंने अलार्म को ऑफ किया और इसके बाद एक छड़ी की सहायता से ठीक सामने लगा सीसीटीवी कैमरा भी तोड़ दिया ताकि उनकी करतूत कैमरे में कैद न हो।
फाइलों पर बंधे कपड़े को बनाया नीचे उतरने का जरिया
सुरक्षा के लिहाज से बैंक के बाहर और अंदर 16 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए थे। चंडीगढ़ से आए प्राइवेट कंपनी के कर्मचारी प्रमोद कुमार ने सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग की जांच की तो जांच में पता चला कि चोरों ने दीवार तोड़कर अंदर जाने का रास्ता तैयार किया। फाइलों पर बंधे कपड़े के सहारे ही बैंक के अंदर दो युवक नीचे उतरे। दोनों युवकों ने जूतों पर पॉलिथीन बांध रखी थी। इसके साथ ही आंखों पर चश्मा व चेहरे पर कपड़ा बांध रखा था। इन दोनों युवकों के हाथों में ग्लब्ज थे। बैंक के अंदर दोनों युवक 14 जनवरी अलसुबह 1.10 पर हुए। युवकों ने पहले तो स्ट्रांग रूम के बाहर लगे सायरन की जांच की और फिर स्ट्रांग रूम के अंदर लगे कैमरे को को भी बंद कर दिया।
दो बार पहले हो चुका है चोरी का प्रयास
एसबीआई की शाखा में सेंध लगनी की यह पहली वारदात नहीं हुई है। इससे पहले 11 मई 2017 को भी चोरों ने बैंक का पिछला दररवाजा तोड़कर अंदर घुसने का असफल प्रयास किया था। इसके बाद एक बार और इसी शाखा को चोरों ने निशाना बनाया था। पुलिस इन दोनों वारदातों को अभी नहीं सुलझा पाई थी कि तीसरी दफा फिर से चोरों ने बैंक में सेंधमारी कर दी। सूचना पाकर एसबीआई के एजीएम संजय कुमार और सुरक्षा अधिकारी अनिल अहलावत ने भी मौके का मुआयना किया। रात्रि के दौरान बैंक की सुरक्षा के लिए किसी भी कर्मचारी को तैनात नहीं किया गया था। सरपंच प्रतिनिधि गोबिंद सिंह और जिला पार्षद महेंद्र सोनी ने भी मौके पर पहुंचकर अधिकारियों से बैंक की सुरक्षा के लिए रात्रि में गार्ड की तैनाती की मांग की है।
विज्ञापन

वर्जन::
पुलिस ने एसबीआई के मैनेजर की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस ने मौके का भी मुआयना कर लिया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस अपनी जांच को आगे बढ़ा रही है।
विक्रम सिंह, बौंदकलां थाना प्रभारी
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें