अमर उजाला ब्यूरो
झज्जर।
पुलिस की अलग अलग टीमों द्वारा अवैध हथियारों के साथ तीन आरोपियों को अलग अलग स्थानों से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की गई है। अवैध हथियार सहित पकड़े गए आरोपियों में गैंगस्टर नीरज उर्फ कातिया भी शामिल है।
सीआईए प्रभारी सुमित कुमार ने बताया कि सीआईए में तैनात एएसआई वीरेंद्र सिंह की टीम ने बस अड्डा गांव खेड़ी खुमार के पास गैंगस्टर नीरज उर्फ कातिया को काबू किया। इसके कब्जे से एक देशी पिस्तौल व दो कारतूस बरामद किए गए। नीरज उर्फ कातिया गैंगस्टर है, इसके खिलाफ गंभीर किस्म के छह मामले अलग-अलग थानों में दर्ज है। इनमें हत्या, हत्या का प्रयास, आपराधिक साजिश, मारपीट तथा दहशत फैलाने के लिए फायरिंग करने के मामले शामिल हैं।
वहीं, एएसआई मुुकेश कुमार की टीम ने झज्जर बाईपास से कृष्ण निवासी गांव गोच्छी को अवैध हथियार के साथ काबू किया। उक्त आरोपी के पास से भी अवैध हथियार के साथ दो कारतूस बरामद किए गए। पकड़ा गया आरोपी कृष्ण भी नीरज उर्फ कातिया के अपराधी गिरोह का शातिर बदमाश है। इसके खिलाफ अलग-अलग थानों में हत्या, हत्या के प्रयास, आपराधिक साजिश, अपहरण तथा अवैध हथियार रखने के चार मामले दर्ज हैं।
सीआईए की टीम के हवलदार नरेश की टीम ने बेरी के दूबलधन चौक से अजीत उर्फ बबला निवासी गांव खरावड़ को काबू किया गया। कातिया गैंग के इस बदमाश के खिलाफ भी अलग-अलग थानों में हत्या का प्रयास, अपहरण, मारपीट तथा अवैध हथियार रखने के मामले दर्ज हैं। सीआईए प्रभारी ने बताया कि अवैध हथियार सहित अलग-अलग स्थानों से पकड़े गए उपरोक्त तीनों आरोपियों को अलग-अलग अदालत में पेश किया गया। जहां से तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।