अमर उजाला ब्यूरो
बादली (झज्जर)।
बाइक पर अपनी पत्नी के साथ खेत में जाते समय किसान पर बिजली का तार टूटकर गिर गया। जिससे वह बुरी तरह से झुलस गया। किसान को पहले दिल्ली के राव तुलाराम अस्पताल ले जाया गया। जहां उसे बालाजी अस्पताल में रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार कृष्ण अपनी पत्नी के साथ खेत में जा रहा था। जब वह पेलपा मोड़ के पास पहुंचा तो अचानक बिजली का तार टूटकर बाइक पर गिर गया। जिस समय तार टूटकर दंपति के ऊपर गिरा उस समय बिजली सप्लाई सुचारु थी। जिससे बाइक चालक कृष्ण को करंट का जोरदार झटका लगा। इससे कृष्ण बुरी तरह से झुलस गया। जबकि उसकी पत्नी को करंट लगा। करंट का झटका इतना जबरदस्त था कि कृष्ण बिजली के तार की चपेट में आते ही बेहाश हो गया और बाइक में आग लग गई। राहगीरों ने गंभीर रूप से घायल कृष्ण को दिल्ली के राव तुलाराम अस्पताल में दाखिल कराया। जहां से उसे गंभीर हालत में रेफर कर दिया। घटना के बाद ग्रामीणों में बिजली विभाग के प्रति रोष बना है क्योंकि कई जगहों पर तारों की हालत जर्जर बनी है और आए दिन टूटकर दुर्घटना का कारण बन रहे हैं।