पेट्रोल पंप के सामने से जीपीएस सिस्टम लगा ट्रक चोरी
अमर उजाला ब्यूरो
चरखी दादरी।
दादरी-रोहतक मुख्यमार्ग पर स्थित गांव कमोद के पेट्रोल पंप के समीप मंगलवार रात एक ट्रक चोरी हो गया। पीड़ित मालिक ने मामले की शिकायत बौंदकलां पुलिस थाने में दर्ज कराई है। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में गांव फतेहगढ़ निवासी विनोद कुमार ने बताया कि वह अपने ट्रक से गांव कमोद में मिट्टी डालने का कार्य कर रहा है। मंगलवार शाम भी वह ट्रक लेकर कमोद मिट्टी डालने गया था। इसके बाद उसने अपने ट्रक को पेट्रोल पंप के समीप खड़ा कर दिया और खुद गांव फतेहगढ़ चला गया। बुधवार सुबह करीब छह बजे जब वह पेट्रोल पंप के समीप पहुंचा तो उसे वहां से ट्रक गायब मिला। इसके बाद उसने आस पड़ोस में पूछताछ भी की लेकिन ट्रक के बारे कोई सुराग नहीं लग सका। चालक ने बताया कि ट्रक में उसने जीपीएस सिस्टम लगवाया हुआ था लेकिन जीपीएस सिर्फ पटौदी तक की ही लोकेशन दिखा रहा था उसके बाद चोरों ने जीपीएस हटा दिया। बौंद थाना पुलिस ने ट्रक चालक की शिकायत पर कार्रवाई शुरू कर दी है।