चलती बस में सैनिक की पत्नी का पर्स चोरी, केस दर्ज
चरखी दादरी।
किसी व्यक्ति ने गौरिया से दादरी शॉपिंग के लिए आई एक सैनिक की पत्नी का बस से पर्स चोरी कर लिया। पीड़िता ने जब टिकट लेने के लिए पर्स संभाला तो उसे वारदात का पता चला। मंगलवार शाम पीड़िता ने मामले की शिकायत सदर थाना पुलिस को दी। पुलिस ने इस अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में गांव गौरिया निवासी सीमा ने बताया कि वह 24 फरवरी को शॉपिंग के लिए दादरी आई थी। महिला ने बताया काम निपटाने के बाद वह गांव में जाने के लिए दादरी बस स्टैंड से रोडवेज बस में सवार हुई थी। गांव रामनगर पहुंचकर उसने टिकट लेने के लिए पर्स संभाला तो उसे गायब मिला। इसके बाद उसने अपने सामान की तलाशी भी लेकिन पर्स नहीं मिला। इसके बाद शादी के चलते पीड़िता पुलिस को शिकायत दिए बिना गांव पहुंच गई। मंगलवार को पीड़िता ने इस संबंध में सदर थाना पुलिस को शिकायत सौंपी। पुलिस को दी शिकायत में सीमा ने बताया कि उसके पर्स में तीन हजार की नकदी, आधार कार्ड व एक सोने का मंगलसूत्र था। महिला ने बताया कि घटना में उसे करीब 30 हजार रुपये का नुकसान हुआ है। सदर थाना पुलिस ने महिला की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
वर्जन::यह सोमवार की घटना है और पीड़िता ने मंगलवार को इस संबंध में पुलिस को शिकायत दी है। इस पर संज्ञान लेते हुए अज्ञात के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हेड कांस्टेबल संजय कुमार, जांच अधिकारी