अमर उजाला ब्यूरो
चरखी दादरी। गांव खोरड़ा में आयोजित शादी समारोह से गांव डोहका हरिया लौट रहे चचेरे भाइयों की बाइक को चरखी गांव के समीप एक गाड़ी ने टक्कर मार दी। घटना में दोनों भाई घायल हो गए और इनमें से एक की गंभीर हालत को देखकर प्राथमिक उपचार के बाद रोहतक पीजीआई रेफर किया गया है। सदर थाना पुलिस ने घायल के बयान पर अज्ञात चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस बयान में डोहका हरिया निवासी सुनील ने बताया कि शुक्रवार को वह अपने चचेरे भाई सतीश के गांव खोरड़ा में आयोजित शादी समारोह में शरीक होने गया था। सुनील ने बताया कि शाम करीब साढ़े छह बजे वो खोरड़ा से डोहका हरिया जाने के लिए अपनी बाइक पर सवार होकर चले थे। जब वह गांव चरखी के समीप पहुंचे तो गलत दिशा में तेज रफ्तार से आई एक गाड़ी ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। घटना में वो दोनों बाइक सड़क पर जा गिरे और चोटिल हो गए। सुनील ने बताया कि उसे मामूली चोटें आईं जबकि उसका भाई सतीश गंभीर रूप से घायल हो गया। सुनील ने बताया कि आरोपी चालक ने उसे गाड़ी मोड़कर सतीश को अस्पताल ले जाने की बात कही लेकिन मौके से फरार हो गया। इसके बाद राहगीरों की मदद से वो दोनों भाई सिविल अस्पताल पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद सतीश को पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया जबकि सुनील का सिविल अस्पताल में ही उपचार किया गया। सदर थाना पुलिस ने घायल सुनील के बयान पर आरोपी चालक पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।