अमर उजाला ब्यूरो
बहादुरगढ़।
रोहतक-दिल्ली रोड पर बुधवार की सुबह तेज रफ्तार में आ रही कार की चपेट में आने से साइकिल सवार एक श्रमिक की मौत हो गई। जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान बिमलेश (36) निवासी जाखोदा के तौर पर हुई है। मूलत: बिहार के मधुबनी जिले निवासी बिमलेश कई वर्षों पहले कामकाज के सिलसिले में अपने गांव से यहां आया था। वह गांव जाखोदा स्थित वेलस्प्रींग यूनिवर्सल कंपनी में काम करता था। रोजाना की तरह बुधवार की सुबह वह साइकिल पर सवार होकर कंपनी के लिए निकला था। उसके साथ मनोज और रामूचित भी अपनी-अपनी साइकिल पर फैक्टरी जा रहे थे। तीनों साइकिल चालक सर्विस लाइन से जा रहे थे। साढ़े 8 बजे जब ये जाखोदा मोड़ से कंपनी की तरफ मुड़ने लगे तो रोहतक की ओर से तेज गति में आई स्विफ्ट कार से बिमलेश और मनोज की साइकिल से टक्कर हो गई। टक्कर लगते ही दोनों दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को राहगीरों ने उपचार के लिए नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया। जहां डाक्टरों ने बिमलेश को मृत घोषित कर दिया। जबकि मनोज को प्राथमिक उपचार के बाद पीजीआई रेफर कर दिया। मगर परिजन उसे बहादुरगढ़ के एक निजी अस्पताल में ले गया। वहां उसका उपचार जारी है।
सूचना मिलते ही आसौदा चौकी पुलिस ने अस्पताल में पहुंच कर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू की और परिजनों के बयान लिए। पुलिस को दी शिकायत में रामूचित ने कहा कि कार बेहद गति में थी। कार चालक की लापरवाही के कारण ही यह हादसा हुआ है। उधर, मामले के जांच अधिकार विक्रम सिंह ने कहा कि कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।