जनस्वास्थ्य विभाग के पंप चालक को ठेकेदार के कर्मचारी ने पीटा
अमर उजाला ब्यूरो
चरखी दादरी।
रानीला जलघर पर गए जनस्वास्थ्य विभाग के पंप चालक की ठेकेदार के कर्मचारी ने पिटाई कर दिया। पंप चालक रमेश फिलहाल भिवानी सिविल अस्पताल में उपचाराधीन है। बौंदकलां पुलिस ने घायल के बयान दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। घायल कर्मचारी ने जान से मारने की धमकी देने के आरोप भी लगाए हैं।
भिवानी सिविल अस्पताल में उपचाराधीन रमेश ने बताया कि वह जन स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत है और उसकी तैनाती रानीला-बांस जलघर पर है। रमेश ने बताया कि वीरवार को वह रानीला जलघर पर पौधों को पानी देने के लिए गया था। इसी दौरान वहां पहले से मौजूद ठेकेदार के कर्मचारी ने उससे मारपीट की, जिससे उसको काफी चोट आई हैं। परिजन उसे उपचार के लिए बौंदकलां सीएसची में ले गए, जहां से बाद में उसे भिवानी सिविल अस्पताल में एडमिट करवाया गया। बौंदकलां थाना पुलिस ने उसके बयान दर्ज कर लिए। पुलिस प्रवक्ता सुरेंद्र दांगी ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। जो भी तथ्य सामने आएंगे उसी के अनुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।