फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सोते परिवार को नशीला पदार्थ सुंघा लाखों के माल पर साफ किया हाथ

विज्ञापन
विज्ञापन
अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन

बहादुरगढ़।
गांव कसार में शुक्रवार की रात चोर एक मकान में सो रहे लोगों को नशीला पदार्थ सुंघाकर लाखों रुपये के गहनों और नकदी पर हाथ साफ कर गए। सुबह परिवार के एक व्यक्ति की आंख खुली तो वारदात का पता चला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पीड़ित परिवार के मुखिया ने बताया कि चोर अलग-अलग कमरों में सो रहे उसके परिवार के 16 सदस्यों को नशीला पदार्थ सुंघाकर करीब 40 तोला सोने और ढाई किलो चांदी के आभूषण व नकदी चोरी कर ले गए। चोरों द्वारा नशीला पदार्थ सुंघाने के कारण शनिवार दोपहर तक परिवार के सदस्यों की तबीयत बिगड़ी रही।
चोरी की वारदात गांव कसार में मुखत्यार सिंह के मकान में हुई। मुखत्यार सिंह के मुताबिक शुक्रवार रात खाना खाने के बाद करीब 11 बजे परिवार के सभी सदस्य सो गए। मकान का मुख्य गेट बंद था। रात को किसी तरह अंदर की कुंडी खोलकर चोर घर में घुस गए और सो रहे परिवार के सभी सदस्यों को नशीला पदार्थ सुंघा दिया। ताकि किसी की आंख न खुले। इसके बाद सभी कमरों की अलमारियों व सामान को खंगाला।
विज्ञापन

मुखत्यार सिंह का कहना है कि चोर घर से सोने की नौ अंगुठियां, चार टीके, दो चेन, 15 जोड़ी बालियां, चार कड़े, चार हार, चांदी की चार तागड़ी, 19 जोड़ी पाजेब, 35 हजार रुपये के डालर और एक लाख 45 हजार की नकदी चुरा ले गए। मुख्त्यार ने बताया कि वह केंद्रीय लोकनिर्माण विभाग दिल्ली में कार्यरत है। जबकि उसका बेटा फाइव स्टार होटल में काम करता है। होटल में ही उसके बेटे को डॉलर मिले थे।

ऐसे पता चला वारदात का
चोरों ने सामान मकान के पहले और दूसरे फ्लोर के कमरों से चोरी किया। ग्राउंड फ्लोर पर रह रहे मुखत्यार के छोटे भाई रघवीर की पत्नी सतवंती की सुबह आंख खुल गई। उसने देखा तो मकान का मुख्य गेट खुला था। शंका होने पर वह ऊपर गई तो कमरों में सामान बिखरा पड़ा था और अलमारियां खुली हुई थीं। उसने अपने बेटों-बहुओं को उठाया। जांच की तो घर से नकदी और सभी आभूषण गायब थे। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

परिवार की तबीयत खराब
सुबह परिवार के लोग उठ तो गए, लेकिन तबीयत ठीक नहीं थी। मुखत्यार के भाई रघवीर, बेटे हितेश व दोनों बहुओं सहित अन्य की सेहत शनिवार दोपहर तक खराब थी। नशीला पदार्थ सुंघाने के कारण आंख भी नहीं खुल रही थी। इन्होंने नागरिक अस्पताल में स्वास्थ्य की जांच भी कराई है। इन लोगों को क्या सुंघाया गया, यह रिपोर्ट आने के बाद पता चल पाएगा। आरोप है कि चोरों ने वारदात को घर में सो रहे छह पुरुषों, चार महिलाओं और छह बच्चों को नशीला पदार्थ सुंघाकर अंजाम दिया है।
विज्ञापन


पुलिस अधिकारी बोले
सेक्टर-6 पुलिस चौकी प्रभारी बालकिशन ने कहा कि मुखत्यार के पुत्र हितेश की शिकायत पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। फिंगर प्रिंट व मोबाइल डंप भी लिए गए हैं। आसपास लगे सीसीटीवी की फुटेज भी खंगाली जाएगी। जल्द मामले को सुलझा लिया जाएगा।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें