ब्यूरो/ऋषिकेश। होली पर्व के मौके पर गंगा में नहाने बैराज पहुंचा एक ऑटो चालक डूब गया। उनके दोस्तों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। व्यक्ति की तलाश में जल पुलिस ने गंगा में सर्च ऑपरेशन चलाया, मगर कोई सुराग हाथ नहीं लगा। कोतवाली पुलिस के मुताबिक बीते शुक्रवार को थ्री व्हीलर चालक सूरज लाल 45 पुत्र लालसा प्रसाद निवासी गली नंबर 25, शिवाजीनगर, आईडीपीएल मूल निवासी गणेश गंज, लखनऊ, यूपी अपने तीन दोस्तों के साथ बैराज में गंगा में नहाने के लिए पहुंचा था।
नहाते हुए अचानक वह गंगा के तेज बहाव की चपेट में आकर डूब गया। साथियों ने सूरज लाल को बचाने की कोशिश की, मगर उन्हें कामयाबी नहीं मिली। उन्होंने इसके बाद पुलिस को घटना की जानकारी दी। जल पुलिस के जवानों के माध्यम से गंगा में तलाशी अभियान चलाया गया, मगर सूरज लाल का कोई सुराग नहीं लगा। आईडीपीएल चौकी प्रभारी दीपक तिवारी ने बताया कि सूरज लाल नशे में होने की वजह से डूबा है। बताया कि उसकी तलाश के लिए गंगा में तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
पुलिस पर मदद नहीं करने का आरोप
सूरज लाल के परिजनों ने पुलिस पर मदद नहीं करने आरोप लगाया है। उनका कहना है कि पुलिस गंगा में तलाशी अभियान चलाने में आनाकानी कर रही है। शनिवार को जल पुलिसकर्मी लाइफ जैकेट पहनकर पहुंचे, लेकिन वह सूरज लाल की तलाशी में गंगा में नहीं उतरे। सूरज लाल के पड़ोसी राजेश ने बताया कि पुलिस सूरज की तलाश करने के मामले में बहाने बना रही है।
तीन लोगों को डूबने से बचाया
ऋषिकेश। लक्ष्मणझूला में गंगा में नहाने के दौरान डूब रहे तीन युवकों को जल पुलिस की टीम ने सकुशल बचा लिया। युवकों की पहचान अजय, आकाश और सिद्धार्थ पुत्र राजकुमार सभी निवासी देहरादून के रूप में हुई। जल पुलिस टीम में एसआई विनय मित्तल, जल पुलिस जवान रितेश कुमार, उदित राठी आदि शामिल थे।