अमर उजाला ब्यूरो
बहादुरगढ़।
नगर में सैय्यद रोड स्थित एक इलेक्ट्रिकल शॉप के मालिक को एक व्यक्ति करीब एक लाख रुपये की चपत लगा गया। पीड़ित दुकानदार ने शहर थाना पुलिस को शिकायत देकर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
शहर के महावीर मंदिर वाली गली के निवासी प्रवीण की सैय्यद रोड स्थित गुरु नानक इलेक्ट्रिकल नाम से दुकान है। वीरवार की सुबह सवा 12 बजे एक व्यक्ति दुकान में आता है। वह खुद का नाम डॉक्टर संजय बताता है और दुकानदार को बिजली की तारें दिखाने के लिए कहता है। कुछ सैंपल देखने के बाद वह दुकानदार को 96 हजार रुपये के माल का ऑर्डर दे देता है और कहता है कि माल उसके ऑफिस पहुंचा दो, वहीं पर ही पेमेंट दे देंगे।
करीब आधे घंटे बाद दुकानदार का भाई सचिन माल लेकर उक्त व्यक्ति द्वारा बताए गए पते पर नजफगढ़ रोड पहुंचता है। वह ऑर्डर देने वाले उक्त शख्स को कॉल करता है और उक्त व्यक्ति सचिन को एक मोटरसाइकिल शोरूम के पास स्थित डेंटल क्लीनिक के नीचे बुलाता है। सचिन के वहां पहुंचने पर वह कहता है कि यह उसका ही ऑफिस है और वहीं पर सामान उतरवा कर सीढ़ियों में रख देता है।
माल उतारने के बाद जब पेमेंट की बात आती है तो वह सचिन को कहता है कि आप मेरे साथ शिव चौक तक चलो, वहां घर से पैसे लेकर देता हूं। यह कहकर वह अपनी पल्सर बाइक पर सवार होकर शिव चौक की ओर चल पड़ता है। पीछे-पीछे सचिन ई रिक्शा में चलता है। जब नजफगढ़ रोड पर चौगान माता चौक के पास पहुंचते हैं तो वह व्यक्ति भागने लगता है। शंका होने पर सचिन उसको पकड़ने की कोशिश करता है लेकिन वह भागने में कामयाब हो जाता है।
इसके बाद जब सचिन उक्त ऑफिस के पास जाता है तो वहां से सामान गायब था। बाद में पता चलता है कि उक्त व्यक्ति ने डॉक्टर संजय का नाम ठगी के लिए इस्तेमाल किया।
दुकानदार प्रवीण ने कहा कि इससे उक्त व्यक्ति का मोबाइल फोन नंबर फिलहाल बंद आ रहा है। वह उनकी दुकान पर बाइक पर आया था। उन्होंने थाने में शिकायत दे दी है। बताते हैं कि यही व्यक्ति कुछ दिन पहले बराही रोड पर भी देखा गया था।
दुकान पर सीसीटीवी में कैद हुआ व्यक्ति का चेहरा
जिस शख्स द्वारा यह ठगी की गई है वह सुबह के जब दुकान पर पहुंचा था तो उसका चेहरा दुकान पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया था। दुकानदार की ओर से उसके फोटो को सोशल साइट्स पर भी भेज दिया है।
क्या कहते हैं अधिकारी
थाना शहर प्रभारी ललित कुमार का कहना है कि इस घटना की शिकायत उनके पास पहुंची है। सीसीटीवी की रिकार्डिंग को भी उन्होंने अपने कब्जे में लिया है और मामले की गहनता से छानबीन की जा रही है।