अमर उजाला ब्यूरो
चरखी दादरी। सदर थाना क्षेत्र के एक गांव से विवाहिता संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। महिला के पति ने इसकी शिकायत पुलिस को सौंपी है। शिकायतकर्ता ने चचेरे भाई पर ही पत्नी को भगा ले जाने के आरोप लगाए हैं। सदर थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
शिकायतकर्ता ने बताया कि उसकी शादी करीब 15 साल पहले शहर निवासी एक युवती से हुई थी और उनके तीन बच्चे हैं। शिकायतकर्ता न बताया कि उसकी पत्नी कुछ दिन अपने मायके आई थी और गत 16 मार्च को ही वह अपनी ससुराल लौटी थी। 17 मार्च को जब वो सोकर उठा तो उसकी पत्नी घर पर नहीं थी। काफी देर इंतजार करने के बाद भी जब वह घर नहीं लौटी तो परिजनों ने मायके व अन्य रिश्तेदारी में पूछताछ की लेकिन कुछ पता नहीं चल पाया। 20 मार्च को महिला का पति सदर थाने पहुंचा और अपनी पत्नी की गुमशुदगी की शिकायत सौंपी। शिकायतकर्ता ने बताया कि उसकी पत्नी के और चचेरे भाई में प्रेम-प्रसंग चल रहा था और उसे शक है कि वो ही उसकी पत्नी को बहला-फुसलाकर ले गया है। शिकायतकर्ता ने बताया कि उसकी पत्नी के लापता होने के बाद से ही चचेरे भाई का फोन भी बंद आ रहा है। पीड़ित ने सदर थाना पुलिस से पत्नी की बरामदगी और आरोपी पर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने इस संबंध में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।