बहादुरगढ़। जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या का प्रयास करने वाले युवक ने शहर के एक फाइनेंसर पर जान से मारने की धमकी देने सहित कई गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में गांव सांखोल निवासी अभिमन्यु ने कहा है कि वह ऑटो चलाता है। गत 24 सितंबर को उसने झज्जर रोड पर रहने वाले एक फाइनेंसर से 15 हजार रुपये 10 रुपये प्रति सैकड़ा के हिसाब से ब्याज पर लिए थे। जिसकी दो किश्त उसने दे दी। इसके बाद की किश्त देने में वह असमर्थ था। उसने फाइनेंसर से मोहलत मांगी, लेकिन वह नहीं माना। वह बार-बार उसे जान से मारने की धमकी दे रहा था। गत शनिवार को करीब साढ़े 11 बजे उसके फोन पर फाइनेंसर की कॉल आई। आरोप है कि फाइनेंसर ने उससे कहा कि आज दो बजे तक उसे ब्याज सहित पैसे लौटा दे नहीं तो उसका ऑटो रिक्शा छीन लेगा। जान से मारने की धमकी भी दी।
इसी के चलते वह घबरा गया और डर की वजह सेे उसने आत्महत्या करने के इरादे से जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। जिससे उसकी तबीयत बिगड़ गई और परिजनों ने अस्पताल में भर्ती कराया। बकौल अभिमन्यु, उसने फाइनेंसर से परेशान होकर यह कदम उठाया है, पुलिस उसके खिलाफ कार्रवाई करे। उधर, सिटी पुलिस का कहना है कि केस दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।