सपा की पूर्व प्रवक्ता पंखुड़ी पाठक व मंगल पांडे सेना के अध्यक्ष अमरेश मिश्रा व उनकी टीम पर मुठभेड़ में मारे गए बदमाश मुस्तकीम और नौशाद के परिजनों से मिलने के दौरान हुए हमले के बाद रविवार को दिन भर वैसपाड़ा में सन्नाटा पसरा रहा। दिन भर इस मोहल्ले में कोई नहीं भटका। वहीं तरह तरह की अफवाहों के बाद बाजार रविवार की सुबह सामान्य दिनों की तरह ही खुले। वहीं पुलिस को इस मामले में किसी ने तहरीर नहीं दी तो कोई कानूनी कार्रवाई भी आगे नहीं बढ़ सकी है।
सपा की पूर्व प्रवक्ता पंखुड़ी पाठक, मंगल पांडे सेना के अध्यक्ष व बुलेट राजा फिल्म के पटकथा संवाद लेखक अमरेश मिश्रा और उनकी टीम शनिवार को अतरौली पहुंची थी। उन्होंने हरदुआगंज पुलिस मुठभेड़ में मारे गए बदमाश मुस्तकीम और नौशाद के परिजनों से उनके किराए के घर मोहल्ला वैसपाड़ा में पहुंचकर मुलाकात की थी। इसी दौरान भीड़ व बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने यह कहते हुए बाहरी नेताओं पर हमला कर दिया था कि बदमाशों द्वारा मारे गए छह लोगों के परिजनों से मिलने कोई नेता नहीं जा रहा।
बदमाशों के हिमायती बने फिर रहे हैं। भीड़ ने उन पर हमला बोल दिया और मारपीट करते हुए वाहनों में भी तोड़फोड़ की थी। इस घटना में पंखुड़ी पाठक व अमरेश मिश्रा के साथ कई लोग घायल हुए थे। कोतवाल प्रवेश राणा का कहना है कि हमले किसने और क्यों किया? इसकी जांच की जा रही है। इस मामले में दूसरे दिन तक किसी ने कोई तहरीर नहीं दी है।
पंखुड़ी-अमरेश पर हमले में एफआईआर की तैयारी:
पंखुड़ी पाठक व अमरेश मिश्रा पर हमले के मामले में तीन अलग-अलग स्थानों से एफआईआर कराने की योजना है। एएमयू छात्र संघ के पूर्व अध्यक्ष फैजुल हसन ने बताया कि इस मामले में हमलावरों की पहचान की जा रही है। अब तक बजरंग दल के 10 लोगों की पहचान की जा चुकी है।
उन्होंने बताया कि इस मामले में अमरेश मिश्रा द्वारा लखनऊ, पंखुड़ी द्वारा दिल्ली व सपा छात्र सभा के अयान द्वारा अलीगढ़ में नामजद लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जाएगा। कहा अतरौली के थानेदार पर भी कार्यवाही की मांग करेंगे।
अतरौली जाने के पूर्व एएमयू में गई थीं पंखुड़ी
मुस्तकीम प नौशाद के परिजनों से अतरौली मिलने जाने के पूर्व सपा की पूर्व प्रवक्ता पंखुड़ी व अमरेंद्र मिश्रा एएमयू में गए थे। एएमयू छात्र संघ के पूर्व अध्यक्ष फैजुल हसन ने बताया कि दोनो लाइब्रेरी कैंपस में आए थे। नाश्ता का आग्रह किया लेकिन वे लोग नाश्ता नहीं किये। जूस व चाय पीकर अतरौली निकल गए।
एनकाउंटर के विरोध में एएमयू में आज मार्च
मुस्तकीम व नौशाद एनकाउंटर के विरोध में एएमयू में आज छात्र मार्च निकालने की तैयारी में है। छात्र इसे फर्जी मुठभेड़ बता रहे हैं। एएमयू छात्र संघ के पूर्व कैबिनेट सदस्य एवं छात्र संघ चुनाव में उपाध्यक्ष पद के लड़ने की तैयारी कर रहे छात्र नेता जैद शेरवानी का कहना है कि विरोध मार्च का आयोजन चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशियों की तरफ से किया जा रहा है। विरोध मार्च लाइब्रेरी कैंटीन से यूनिवर्सिटी सर्किल तक निकाला जाएगा।
छात्र नेताओं की मार्च निकालने की घोषणा से प्रॉक्टोरियल टीम की निंद उड़ी हुई है। अभी तक किसी छात्र नेता द्वारा मार्च के लिए परमिशन नहीं लिया गया है। सोशल मीडिया में एएमयू छात्रों से बड़ी संख्या में शामिल होने का आह्वान किया जा रहा है।