अमर उजाला ब्यूरो
बहादुरगढ़। गांव बराही में सोमवार की रात दो युवकों को पेड़ से बांधकर मारपीट करने का मामला सामने आया है। गांव के ही एक परिवार पर गाड़ी से टक्कर मारने, बंधक बनाकर मारपीट करने और धमकी देने का आरोप है। लाइनपार थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में नितिन ने कहा है कि वह और उसका दोस्त विकास बीती रात को आसौदा ईंट भट्ठ से गांव की ओर लौट रहे थे। जब वे गांव के हनुमान मंदिर के पास पहुंचे तो एक क्रूजर गाड़ी ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर मारने के बाद वे गिर गए। इस दौरान गाड़ी चालक के अन्य परिचित भी वहां मौजूद थे। उक्त लोग उन्हें जबरन अपने घर ले गए और वहां पेड़ से बांध कर उनके साथ मारपीट की गई। इससे उन्हें काफी चोट आई। इसके बाद किसी ने पुलिस को सूचना दी तो, पुलिस मौके पर पहुंची और उनका बचाव हुआ। नितिन का आरोप है कि यदि पुलिस समय पर नहीं आती तो वे लोग उन दोनों को जान से मार देते।
नीतिन का आरोप है कि यदि पुलिस समय पर पहुंचकर नहीं छुड़वाती तो उनको जान से मार दिया जाता। सन्नी, रमेश, नवीन, रामकरण व दो महिलाओं पर मारपीट करने व धमकी देने का आरोप है। उधर, दूसरे पक्ष के लोगों का कहना है कि नितिन व उसका साथी विकास चोरी की मंशा से उनके घर में घुसे थे। उनके साथ मारपीट नहीं की गई। इस मामले में लाइनपार थाने के कार्यवाहक एसएचओ नरेंद्र कुमार ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है। जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ कार्रवाई होगी।