चमकाने का झांसा दे दो युवकों ने उड़ाए गहने
बादली।
गांव माजरी में दो युवकों ने एक महिला से सोने की चेन और बालियां ठग ली। जब तक महिला कुछ समझ पाती वे हो चुके थे। पुलिस ने पीड़ित महिला की शिकायत पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में माजरी निवासी सरोज ने कहा है कि शुक्रवार की सुबह करीब साढ़े दस बजे दो अनजान व्यक्तियों ने उनका दरवाजा खटखटाया। उसने गेट खोला तो दोनों ने कहा कि वे उजाला कंपनी से हैं और वे अपने प्रॉडक्ट का डेमो देते हैं। यदि प्रॉडक्ट चाहिए हो तो गांव के सरकारी स्कूल में कैंप लगेगा। वे डेमो दिखाने के लिए बार-बार कहने लगे। पहले उन्होंने एक बर्तन साफ करके दिखाया। मेरी पायल मांगी, जो साफ करके उन्होंने दे दी। फिर मेरे कानों के बाले और चेन मांगी और पानी में डाल दी। बोले कि 15 मिनट तक गर्म करने के बाद आभूषणों को पानी से निकाल लेना। फिलहाल हम पड़ोस में दूसरे मकान में जा रहे हैं। कुछ मिनट बाद उसने चेक किया तो पानी में जेवर नहीं थे। उसने आसपास दोनों लोगों की तलाश की मगर वे नहीं मिले। उधर, बादली चौकी प्रभारी श्रीभगवान ने कहा कि महिला की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया गया है। जल्द ही शातिरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि लोग जागरूक रहें और ऐसे शातिर ठगों के झांसे में न आएं।
-