अमर उजाला ब्यूरो
बहादुरगढ़।
लाइनपार के बलजीत नगर से मासूम बहन-भाई का अपहरण कर भागी महिला सीता बच्चों सहित नैनीताल में मिल गई है। पुलिस ने अपहृत बच्चों को सकुशल बरामद कर लिया है। महिला किन कारणों से बच्चों को लेकर भागी, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। पूछताछ के बाद असल कारणों का पता चल पाएगा। शनिवार को आरोपी महिला को अदालत में पेश किया जाएगा।
ये है मामला
दरअसल, लाइनपार के बलजीत नगर स्थित एक मकान में कुछ किराएदार रहते हैं। गत बुधवार को किराएदार सीता (19) दूसरे किराएदार के बच्चों सात साल के प्रियांशु व छह साल की प्रिया को अपह्रत करके ले गई। बच्चों की मां मोनी देवी जब घर आई तो उसे मामले का पता चला। मोनी ने पुलिस को शिकायत दी तो पुलिस ने वीरवार को अपहरण का केस दर्ज कर सीता और बच्चों की तलाश शुरू की।
स्टेशन पर घूमते मिले
बहादुरगढ़ पुलिस के अनुसार हरियाणा व दूसरे राज्यों के तमाम चौकी, थानों में सूचना जारी कर दी गई थी। वीरवार को सीता दोनों बच्चों के साथ नैनीताल के नजदीक लाल कुआं चौक स्टेशन पर संदिग्ध परिस्थितियों में घूम रही थी। जीआरपी नैनीताल ने शक के आधार पर महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने बच्चों को बहादुरगढ़ से लाने की बात कबूली। इस पर जीआरपी ने बहादुरगढ़ पुलिस से संपर्क किया और यहां की पुलिस नैनीताल के लिए रवाना हुई।
...तो ऐसे पहुंचे नैनीताल
बताया जा रहा है कि सीता पहले बहादुरगढ़ से दिल्ली पहुंची। दिल्ली से उसे बिहार जाना था, मगर गलती से नैनीताल जाने वाली ट्रेन में बैठ गई। नैनीताल से पहले लाल कुआं स्टेशन पर उतरने के बाद घूम रही थी तो पुलिस ने शक के आधार पर उसे बच्चों सहित काबू कर लिया। सीता बच्चों को किन कारणों से लेकर गई अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है। फिलहाल सीता का कहना है कि बच्चे खुद उसके पीछे-पीछे आ गए थे। पुलिस ने सीता के पति ओमवीर व सास खजानी से भी पूछताछ की। खजानी ने बताया कि सीता पड़ोस से पानी लाने के बहाने घर से निकली थी। लेकिन वापस नहीं आई। मोनी की बेटी प्रिया तो उससे हाथ छुड़ाकर वापस भी आ गई थी, मगर वह उसको दुबारा ले गई। खजानी ने कहा कि यदि उसे यह अहसास होता कि वह बच्चों को गलत मंशा से दूर ले जाएगी, तो वह बच्चों को किसी भी हालत में न ले जाने देती।
अधिकारी बोले
लाइनपार थाना प्रभारी कुलबीर सिंह ने कहा कि सूचना मिलने के बाद रात को ही टीम को नैनीताल के लिए रवाना कर दिया गया था। वहां से बच्चों और महिला को साथ लेकर टीम चल पड़ी है। जोकि देर रात तक लौट आएगी। इसके बाद महिला से पूछताछ की जाएगी और उसे अदालत में पेश किया जाएगा। उसने किस मकसद से बच्चों का अपहरण किया, यह पूछताछ के बाद ही पता चल पाएगा।
इसी महीने आए थे मकान में
नरपत गंज (बिहार) निवासी सीता का करीब डेढ़ महीने पहले ही छारा के ओमवीर से विवाह हुआ था। गत चार मार्च को ही ओमवीर और सीता उक्त मकान में किराये पर रहने आए थे।