सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत
चरखी दादरी।
समसपुर मोड़ पर बुधवार दोपहर को ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। सदर थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने परिजनों के बयान पर आरोपी ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
जानकारी के अनुसार चिड़िया मोड़ निवासी सूरज किसी काम से समसपुर गांव गया था। काम निपटाने के बाद वह घर आने के लिए वहां से चला था। समसपुर मोड़ के समीप सामने से आ रहे ट्रक ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। इस हादसे में ट्रक सूरज के ऊपर से गुजर गया और वह गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों ने उसे दादरी के सिविल अस्पताल पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में ले लिया और मृतक के परिजनों के बयान पर आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी चालक घटना के बाद मौके से फरार हो गया।