रिश्वत लेने वाला हेड कांस्टेबल सस्पेंड
अमर उजाला ब्यूरो
चरखी दादरी। दादरी सिटी थाना मुंशी का दुकानदार से रुपये लेने का वीडियो वायरल होने के बाद बुधवार को डीएसपी हेड क्वार्टर सुरेश हुड्डा ने मामले की जांच की। इस मामले में दुकानदार ने मुंशी पर रिश्वत लेने के आरोप भी लगाए थे। इन पर संज्ञान लेते हुए डीएसपी ने आरोपी मुंशी के भ्रष्टाचार का मामला दर्ज करने के साथ-साथ सस्पेंड भी कर दिया है।
मामले में विभागीय जांच बाढड़ा डीएसपी अनूप दहिया को सौंपी गई है और वो इसकी जांच में जुट गए हैं। गौरतलब है कि सिटी थाने में नियुक्त मुंशी हेड कांस्टेबल मुकेश कुमार की सोशल मीडिया पर एक दुकानदार से रुपये लेने की वीडियो वायरल हो गई थी। इस वीडियो के वायरल होने के साथ-साथ दुकानदार ने पुलिस अधीक्षक सुनील दलाल को हेड कांस्टेबल पर रिश्वत लेने की शिकायत भी दी थी। एसपी ने मामले की जांच दादरी डीएसपी हेड क्वार्टर सुरेश हुड्डा को सौंपी थी। डीएसपी ने बुधवार को दोनों पक्षों को बुलाकर मामले की जांच की। इस दौरान वीडियो व रिकॉर्डिंग की जांच डीएसपी ने की। इसके बाद डीएसपी ने तुरंत प्रभाव से मुंशी मुकेश कुमार पर भ्रष्टाचार का केस दर्ज करने के आदेश जारी करते हुए उसे सस्पेंड कर दिया। मामले में पुलिस अधीक्षक सुनील दलाल ने विभागीय जांच करने के लिए बाढड़ा डीएसपी अनूप दहिया को जिम्मेदारी सौंपी है।
मैंने मामले की जांच की है और इस पर संज्ञान लेते हुए हेड कांस्टेबल मुकेश कुमार को सस्पेंड कर दिया है। इसके अलावा उस पर भ्रष्टाचार का मामला भी दर्ज किया गया है।
सुरेश हुड्डा, डीएसपी हेडक्वार्टर