अमर उजाला ब्यूरो
झज्जर।
पीडबल्यूडी रेस्ट हाउस के सामने स्थित रामनगर कालोनी के एक मकान में सोमवार को दिनदहाड़े चोर लाखों के जेवर और नकदी पर हाथ साफ कर गए। घटना की सूचना पाकर पुलिस ने मौके पर पहुंच कार्रवाई कर साक्ष्य जुटाए।
सिटी पुलिस चौकी में दी शिकायत में पीड़ित रमेश चंद्र ने बताया कि वह भगत सिंह चौक पर स्पेयरपार्ट की दुकान चलाता है। सोमवार सुबह नौ बजे वह परिवार के साथ अपने पैतृक गांव खेड़ी खुमार में परिवार में ही किसी की मौत पर शोक जताने गया था। करीब सवा एक बजे वापिस घर पहुंचे तो कमरे के दरवाजे का ताला टूटा मिला। पीड़ित की पत्नी फूला देवी ने बताया कि जब वे कमरे के अंदर गए तो घर के तीनों कमरों में का सामान बिखरा पड़ा था। जिसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस के मौके पर पहुंचने के बाद उन्होंने घर में रखे जेवर और नगदी जांची तो सब चोरी हुआ मिला। फूला देवी ने बताया कि चोर घर से करीब 35 तोले सोने के जेवर और करीब 30 हजार की नकदी थी। पीड़िता के अनुसार चोर दीवार फांदकर घर में घुसे हैं, क्योंकि मुख्य गेट का ताला लगा हुआ था।
ड्यूटी पर गई थी पुत्रवधू
रमेश चंद्र ने बताया कि घटना के समय उनकी पुत्रवधू ड्यूटी देने के लिए ढांसा बार्डर स्कूल में गई थी। उनका बेटा आर्मी में तैनात है। घर पर कोई न होने के चलते वे पोते को भी अपने साथ ले गए थे।
वीटी करवाई तो दौड़ी बहादुरगढ़ पुलिस
रमेश चंद्र ने अपने घर पर हुई चोरी की सूचना 100 नंबर पर फोन कंट्रोल रूम में दर्ज करवाई। इस दौरान उसने अपने घर का पता भी रामनगर कालोनी दर्ज करवाया था। लेकिन कंट्रोल रूम के द्वारा इसे बहादुरगढ़ वाला रामनगर समझा गया और इसकी सूचना बहादुरगढ़ पुलिस को दी गई। जिस पर बहादुरगढ़ पुलिस रामनगर कालोनी में चक्कर लगाती रही। लेकिन बाद में पता चला कि वो झज्जर का रामनगर है।
वर्जन
शहर पुलिस चौकी इंचार्ज राजेश कुमार ने बताया कि दोपहर करीब डेढ़ बजे चोरी की सूचना मिली थी। जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच की। पीड़ित की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ कई तोले सोने के जेवर और नकदी चोरी करने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
- पैतृक गांव में शोक जताने गया था परिवार