चरखी दादरी। लोहारू रोड स्थित एक एटीएम के सामने बिरोहड़ निवासी एक महिला के हाथ से बाइक सवार दो युवक बैग छीनकर फरार हो गए। बैग में करीब बीस हजार रुपये की नकदी थी। पीड़िता ने मामले की शिकायत सिटी थाना पुलिस को सौंपी है। पुलिस ने इस संबंध में अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, सीसीटीवी में सीडी डीलक्स बाइक सवार आरोपी कैद हुए हैं लेकिन उनके चेहरे नजर नहीं आ रहे।
पुलिस शिकायत में बिरोहड़ निवासी कौशल्या ने बताया कि शुक्रवार को वह अपने पति और छोटी बेटी के साथ बाइक पर सवार होकर दादरी आई थी। शिकायतकर्ता महिला ने बताया कि उन्हें रोहतक रोड स्थित एचडीएफसी बैंक के एटीएम से छह हजार रुपये निकलवाए और इसके बाद लोहारू रोड स्थित यूनियन बैंक के एटीएम पर पहुंचे। महिला ने बताया कि वहां से उसने दा हजार रुपये निकलवाए और दोनों एटीएम से निकलवाई गई आठ हजार की नकदी को उसने बैग में रख लिया। महिला ने बताया कि बैग में 12 हजार रुपये पहले से थे। इसके बाद उसने अपनी बेटी को बाइक पर बैठा दिया और जब वह खुद बाइक पर बैठने लगी तो पीछे से एक बाइक पर सवार होकर आए दो युवक रुक गए। इसी दौरान आरोपी उसके हाथ से बैग छीनकर फरार हो गए। महिला ने बताया कि उन्होंने शोर भी मचाया लेकिन तब तक आरोपी उनकी पहुंच से दूर जा चुके थे। इसके बाद वो सिटी थाने पहुंचे और मामले की लिखित शिकायत सौंपी। सिटी थाना पुलिस ने इस संबंध में आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी सीसीटीवी में कैद हो गए हैं। इसके मुताबिक बाइक चालक ने हेलमेट पहना था जबकि दूसरे आरोपी ने कपड़े से मुंह ढका हुआ था।