झज्जर। शाहजहांपुर गांव में चोरों ने रविवार रात को दो सगे भाइयों के घरों में चोरी की वारदात को अंजाम दिया। सगे भाइयों के घर से सवा दो लाख नकद व करीब 17 तोला सोना चोरी हो गया। चोरी की घटना के बाद मौके पहुंची पुलिस ने फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट बुुलाकर मौका मुआयना करवाया। वहीं पीड़ित की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। शाहजहांपुर गांव निवासी धर्मबीर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि रात के समय करीब दो से चार बजे के बीच उसके व उसके भाई कृष्ण के घर पर चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया। सेना से सेवानिवृत्त धर्मबीर ने बताया कि चोर उसके घर से डेढ़ लाख रुपये नकद, तीन सोने की अंगूठी, दो सोने की चेन, सोने का हार, दो जोड़ी सोने के झुमके, नौ जोड़ी चांदी के पाजेब, तीन जोड़ी चुटकी व उसके भाई कृष्ण के घर से 80 हजार रुपये नगद, सोने का हार, दो सोने की चेन, दो सोने की अंगूठी, चार चांदी के सिक्के, दो जोड़ी चांदी की पाजेब, दो चांदी के कड़े ले गए। दोनों भाइयों का सोना करीब 17 तोला बनता है, जिसकी इस समय कीमत पांच लाख रुपये बनती है।
दो बजे दोहते को पिलाया था दूध
धर्मबीर ने बताया कि उसके घर उसकी बेटी आई हुई है। रात में दो बजे भूख लगने से उसका दोहता जाग गया था तो उसे दूध पिलाने के लिए वे उठे थे। लेकिन उस समय तक चोरी नहीं हुई थी। वहीं उसकी पत्नी कृष्णा देवी पशुुुओं को चारा डालने के लिए चार बजे उठी तो पूरे घर में बिखरे सामान को देखकर बेसुध हो गई। इसलिए उनका अनुमान है कि चोरी की घटना रात दो से चार बजे की बीच हुई है। वहीं जब उन्होंने घटना की जानकारी देने के लिए अपने भाई के घर गया तो उसके घर भी चोरी हुई मिली।
तीन से चार लोग हैं वारदात में शामिल
पीड़ित ने बताया कि उनके घर की दीवारों के पास तीन से चार लोगों के जूतों के निशान मिले हैं। जो कि पुलिस की एक्सपर्ट टीम को दिखाए गए हैं। वहीं फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट ने घर से हाथों के निशान भी लिए हैं। पीड़ित के अनुसार चोरों ने उनके परिवार को कुछ सूंघाकर वारदात की है क्योंकि अगर ऐसा नहीं होता तो किसी को तो जरूर जाग आती।
चोरी की घटना का मौका मुआयना कर पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट ने वारदात स्थल से नमूने लिए हैं। उम्मीद है कि वारदात को जल्द सुलझा लिया जाएगा।
अमित कुमार, चौकी प्रभारी, छुछकवास।