अमर उजाला ब्यूरो
बहादुरगढ़। एचएसआईआईडीसी सेक्टर-17 स्थित एक जूता फैक्टरी में शनिवार देर रात छह बदमाशों ने डकैती डाली। बदमाश दीवार फांदकर फैक्टरी में घुसे। पहले चौकीदार व श्रमिकों के साथ मारपीट की फिर बंधक बनाकर चार घंटे तक वारदात को अंजाम दिया। बदमाश फैक्टरी से नकदी, मोबाइल, लैपटॉप, ट्रांसफार्मर की क्वाइल और जूता सोल बनाने वाली डाई ले गए। इस मामले सेक्टर-छह थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दरअसल, दिल्ली निवासी संदीप गोयल की सेक्टर-17 के प्लॉट नंबर-267 में एक फैक्टरी है। इस फैक्टरी में जूते-चप्पल बनाए जाते हैं। शनिवार की रात को चौकीदार चंदन ड्यूटी पर था। इसके अलावा श्रमिक शत्रुधन, आकाश, ओमप्रकाश व रितिक रोशन भी फैक्टरी में ही थे। रात करीब 1 बजे ये विश्राम कर रहे थे, इसी दौरान दीवार फांदकर छह बदमाश भीतर घुस गए। इनके हाथों में रॉड और डंडे थे। आते ही बदमाशों ने चौकीदार चंदन पर हमला बोल दिया। शोर सुनकर अन्य श्रमिक आए तो उनके साथ भी मारपीट की। मारपीट करने के बाद पांचों को बांध दिया। इन्होंने कैमरे मोड़ दिए और फैक्टरी की लाइट बंद कर दी। इसके बाद सामान खंगालना शुरू कर दिए। फैक्टरी के कार्यालय से लैपटॉप व साढ़े 19 हजार रुपये निकाल लिए। तीन मोबाइल फोन के अलावा फैक्टरी के ट्रांसफार्मर की क्वाइल भी निकाल ली। जाते-जाते जूते का सोल बनाने वाली 22 डाई भी ले गए। जाने के बाद चौकीदार ने फैक्टरी मालिक को सूचना दी। फैक्टरी मालिक ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही सेक्टर छह थाने से पुलिस मौके पर पहुंची लेकिन तब तक बदमाश भाग चुके थे। इलाके में घेराबंदी भी की गई, लेकिन कुछ सुराग नहीं लग सका।
चार घंटे तक फैक्टरी में ही रहे आरोपी
बदमाश फैक्टरी में एक बजे घुसे और करीब चार घंटे तक भीतर ही रहे। बिजली आपूर्ति बंद करने के बाद ट्रांसफार्मर की तांबे की क्वाइल निकाली। क्वाइल व डाई आदि भारी भरकम सामान को बाहर ले गए। हालांकि फैक्टरी में घुसते ही बदमाशों ने सीसीटीवी कैमरे से छेड़छाड़ भी की थी, लेकिन एक कैमरे में रॉड-डंडे लिए चार बदमाश दिखाई दे रहे हैं। इस फुटेज के आधार पर पुलिस पहचान के प्रयास में जुटी है। दरअसल, इस फैक्टरी में सिक्योरिटी गार्ड नहीं है। इसके साथ वाली फैक्टरी बंद पड़ी है। पुलिस को शंका है कि वारदात करने वाले यहां के हालात से परिचित थे।
चार माह में सात डकैती, एक सुलझी
गत दो अक्तूबर को खेड़का गुर्जर स्थित वाटर बूस्टर पर बदमाशों ने डकैती डाली। 9 नवंबर को रोहद स्थित आश्रम में डकैतों ने महंत व शिष्यों से मारपीट कर घुसकर 63 हजार रुपये, चांदी का सामान व मोबाइल लूटा। 23 नवंबर की रात को गांव नूना माजरा स्थित पेट्रोल पंप पर बदमाशों ने डकैती की वारदात की। 8 दिसंबर को गांव टांडाहेड़ी स्थित सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट में घुसकर कई बदमाशों ने कर्मचारियों से मारपीट कर नकदी व मोबाइल छीन लिए थे। 19 दिसंबर की रात को पांच बदमाशों ने जाखोदा स्थित परचून की दुकान में डकैती डाली। 22 दिसंबर की सुबह बालोर बाईपास स्थित दो रोड़ी क्रशर स्टॉक पर डकैतियां हुई। अब 2 फरवरी की रात को सेक्टर-17 स्थित फैक्टरी में वारदात हुई। इनमें से सिर्फ नूना माजरा वाली वारदात ही सुलझ पाई है, बाकी सभी अनसुलझी हैं।
केस दर्ज कर तफ्तीश शुरू कर दी गई है। बदमाशों के कुछ अहम सुराग मिले हैं, जल्द ही उन्हें काबू किया जाएगा। सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस ने गश्त बढ़ा दी है। फैक्टरी के संचालक भी सुरक्षा पर ध्यान दें। कम से कम एक सिक्योरिटी गार्ड तो रखें और आसपास अन्य फैक्टरियों के साथ तालमेल रखे। यदि कोई संदिग्ध वाहन या व्यक्ति नजर आए तो पुलिस को सूचना दें।
-कर्ण सिंह, एडिशनल एसएचओ, सेक्टर छह थाना।