अमर उजाला ब्यूरो
चरखी दादरी।
प्रतिबंधित नशे की दवाओं को मेडिकल स्टोर पर सप्लाई करने के लिए वाहन के इंतजार में खड़े सप्लायर को स्पेशल स्टाफ ने वीरवार शाम घिकाड़ा रोड स्थित टैगोर स्कूल के पास से गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से प्रतिबंधित साल्ट की 240 शीशियां बरामद हुई है। सिटी पुलिस थाने में आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। आरोपी की पहचान आदमपुर दाड़ी निवासी नवीन के रूप में हुई।
वीरवार देर शाम करीब साढ़े नौ बजे स्पेशल स्टाफ को सूचना मिली कि एक व्यक्ति घिकाड़ा रोड पर प्रतिबंधित नशे की दवाओं के दो कार्टून लिए खड़ा है। सूचना मिलने के तुरंत बाद एसआई शमशेर सिंह ने प्रधान सिपाही राज कपूर, एएसआई सतपाल व सिपाही रोहताश के साथ मिलकर संभावित जगह पर दबिश दी। इस दौरान टैगोर स्कूल के पास जब पुलिस टीम पहुंची तो एक शख्स गत्ते के कार्टून पर बैठा नजर आया। इस पर पुलिस टीम को उस पर शक हुआ और उसके सामान की तलाशी लेने के लिए एनडीपीएस एक्ट-50 के तहत उसे नोटिस जारी कर सामान की तलाशी ली गई।
इस दौरान गत्ते के कार्टूनों में 240 शीशियां ऑनरेक्स कफ सीरप की मिली। इसके बाद सॉल्ट को लेकर पुलिस टीम ने ड्रग्स इंस्पेक्टर हेमंत ग्रोवर से बातचीत तो उन्होंने बताया कि यह सॉल्ट प्रतिबंधित है। उन्होंने शीशियां की संख्या के आधार पर बताया कि इनमें कोडिन सल्फेट सॉल्ट की मात्रा करीब 48 ग्राम हैं, जोकि बहुत अधिक है। इसके तुरंत बाद पुलिस टीम ने आरोपी नवीन को काबू कर लिया। सिटी पुलिस थाने में उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया। शुक्रवार सुबह पुलिस ने उसे कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया।
वर्जन
गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने आरोपी नवीन को घिकाड़ा रोड के समीप से काबू किया। उसके पास से नशीली दवाओं की 240 शीशियां बरामद हुई। उसके खिलाफ मामला दर्ज कर कोर्ट में पेश किया गया जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
- सुरेंद्र दांगी, जिला पुलिस प्रवक्ता।