सड़क पर जाम लगाने वाले बीस लोगों के खिलाफ मामला दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
चरखी दादरी। बिजली व पेयजल संकट गहराने पर अटेला कलां में रोड जाम करने पर पुलिस ने चार नामजद सहित 20 अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है। नामजद आरोपियों में दो पंच व एक महिला भी शामिल है।
ज्ञात रहे कि बिजली व पेयजल किल्लत से परेशान अटेला कलां व अटेला खुर्द के ग्रामीणों ने सोमवार सुबह करीब साढ़े 11 बजे दादरी-लोहारू मुख्यमार्ग पर जाम लगा दिया था। इस दौरान ग्रामीणों ने करीब डेढ़ घंटे तक मुख्यमार्ग पर ट्रैफिक व्यवस्था को बाधित रखा था। जाम की सूचना पाकर बाढड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची थी और ग्रामीणों को समझा-बुझाकर जाम खुलवाने का प्रयास भी किया लेकिन ग्रामीणों ने मौके पर बिजली निगम व जन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग की थी। इस दौरान तहसीलदार नवनीत कुमार व डीएसपी दलीप सिंह भी मौके पर पहुंचे थे। बाद में अधिकारियों को आश्वासन पाकर ग्रामीणों ने जाम खोल दिया था। इसके बाद देर शाम ही हेड कांस्टेबल दिलबाग सिंह की शिकायत पर पुलिस ने संदीप, जोरावर पंच, अनुप पंच व महिला संतोष सहित 20 अन्य के खिलाफ केस दर्ज कर लिया।