अमर उजाला ब्यूरो
बहादुरगढ़। कॉफी का पैकेट लेने के बहाने शातिर ने अनाज मंडी स्थित एक परचून दुकानदार को 30 हजार रुपये की चपत लगा दी। वारदात को अंजाम देने में एक महिला भी शामिल रही। तीन मिनट में हुई यह वारदात सीसीटीवी में कैद हो गई है। इस संबंध में पुलिस के पास कोई शिकायत नहीं पहुंची है, लेकिन सोशल साइट्स पर वारदात का वीडियो वायरल हो रहा है। वारदात शनिवार की देर शाम की है। दरअसल, शहर के निवासी रुपेश की अनाज मंडी में परचून की दुकान है। शनिवार को वह अपनी दुकान पर काम में लगा हुआ था। करीब छह बजे एक पुरुष व महिला दुकान में आए। उन्होंने कॉफी के पैकेट की मांग की। रुपेश ने पैकेट दिखाने शुरू कर दिए। इसी बीच दुकान में काम करने वाला कर्मचारी आया तो उसे महिला ने बातों में उलझा दिया। शातिर ने उसे सामान के पैसे काटने के लिए 2 हजार का नोट दे दिए। रुपेश ने बाकी रुपये उसे वापस कर दिए। रुपये जब कैश काउंटर पर बैठ गया तो शातिर व्यक्ति ने उसे बातों में उलझा लिया। बात-बातों में उससे 30 हजार रुपये लिए और दोनों चले गए।
..ऐसे पता चला वारदात का
दुकान बंद करने से पहले रुपेश जब हिसाब कर रहा था तो 30 हजार रुपये कम मिले। इसके बाद उसने सीसीटीवी फुटेज देखी तो वारदात का पता चला। शातिरों ने यह वारदात महज तीन मिनट में की। छह बजकर 9 मिनट पर आए और छह बजकर 12 मिनट पर चले गए। हैरानी की बात ये कि इस दौरान शातिर व्यक्ति ने दुकान संचालक े सामने ही कई बार गल्ले में हाथ मारा, लेकिन उसे पता नहीं चला। वहीं दुकानदार कहता है कि शातिरों ने उसे सम्मोहित कर दिया था।
पुलिस को पता नहीं
वारदात की वीडियो बुधवार को सोशल साइट्स पर वायरल रही। वहीं, इस संबंध में पुलिस के पास कोई सूचना नहीं है। लाइनपार थाना प्रभारी अमित कुमार ने कहा कि उनके पास ऐसी कोई शिकायत नहीं आई है। यदि शिकायत आती है तो कार्रवाई की जाएगी।