चरखी दादरी। गांव चांगरोड निवासी दंपति की बाइक को गुडाना गांव के समीप वीरवार सुबह एक पिकअप ने टक्कर मार दी। घटना में दंपति सहित पांच वर्षीय बेटी भी घायल हो गई। उपचार के लिए उन्हें जिला मुख्यालय के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। बाइक चालक की गंभीर हालत को देखकर प्राथमिक उपचार के तुरंत बाद रेफर कर दिया गया।
सिविल अस्पताल में पहुंचे चांगरोड निवासी जयभगवान ने बताया कि उसका भाई कृष्ण (38) अपनी पत्नी सुमन (30) और बेटी प्रीति के साथ बाइक पर सवार होकर सुबह करीब आठ बजे अपनी ससुराल मांढ़ी केअर जाने के लिए घर से चले थे। जब वे गुडाना गांव के समीप पहुंचे तो उनकी बाइक को एक पिकअप ने टक्कर मार दी। घटना में बाइक सवार दंपति और उनकी बेटी सड़क पर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। इसी दौरान वहां से गुजर रहे राहगीरों ने उन्हें संभाला और उपचार के लिए दादरी के सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे। घायल के भाई जयभगवान ने बताया कि मामले की सूचना मिलते ही वे अपने अन्य परिजनों के साथ अस्पताल पहुंचे। जयभगवान ने बताया कि हादसे में उसके भाई और भाभी को ज्यादा चोटें लगी हैं। कृष्ण को प्राथमिक उपचार के बाद सिविल अस्पताल रेफर किया गया है।