अमर उजाला ब्यूरो
बहादुरगढ़। देवीलाल पार्क के पास बीती देर शाम महज 30 रुपये के लिए कुछ युवकों ने दो युवकों की लाठी-डंडों से पिटाई कर दी। मारपीट में दोनों युवक बुरी तरह से जख्मी हो गए। दोनों को पीजीआई रोहतक रेफर किया गया। जिनमें से एक को छुट्टी मिल गई है और दूसरे का उपचार जारी है। घायल की शिकायत पर सेक्टर-6 चौकी पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में सेक्टर-6 निवासी दीपक ने बताया कि शुक्रवार देर शाम करीब साढ़े सात बजे वह अपने दोस्त सतीश और सचिन के साथ देवीलाल पार्क के बाहर खड़ा था। इसी दौरान गांव सांखोल का निवासी सुनील वहां आया। सुनील उनसे 30 रुपये मांग रहा था। इंकार करने पर उस वक्त तो सुनील वहां से चला गया, मगर थोड़ी देर बार अपने कुछ साथियों के साथ पुन: वहां आ गया। आते ही उन्होंने दीपक और सतीश पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। शोर मचाया तो सचिन व आसपास मौजूद लोगों बीच बचाव कर उन्हें छुड़ाया। सुनील व उसके साथी धमकी देकर भाग गए। इसके बाद उन दोनों को नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से पीजीआई रेफर कर दिया। उधर, सेक्टर-6 पुलिस का कहना है कि केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। जल्द ही आरोपी युवकों को गिरफ्तार किया जाएगा।