अमर उजाला ब्यूरो
झज्जर।
थाना साल्हावास पुलिस ने भूरावास गांव में हुए मर्डर का खुलासा कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर बुधवार को कोर्ट में पेश किया। जहां से दोनों को एक दिन के रिमांड पर भेज दिया। रिमांड के दौरान पुलिस आरोपियों से गहनता से पूछताछ करेगी।
थाना साल्हावास से एसएचओ ललित कुमार ने बताया कि पुलिस ने 24 नवंबर को भूरावास गांव के खेल मैदान से गांव के ही कंवर सिंह का शव बरामद किया था। जिसकी गुमशुदगी रिपोर्ट परिजनों के द्वारा 5 नवंबर को दर्ज करवाई गई थी। पुलिस ने जांच पड़ताल की तो सामने आया कि गांव के हरेंद्र के साथ 31 अक्तूबर को गांव भागवी गई एक बारात में झगड़ा हुआ था। जब पुलिस ने भूरावास निवासी हरेंद्र से मामले में पूछताछ की तो सामने आया कि हरेंद्र ने ही अपने एक अन्य साथी जय उर्फ जैकी के साथ मिलकर बारात के दौरान हुए झगड़े की रंजिश में कंवर सिंह की हत्या की थी। इसके बाद शव को गांव के स्कूल में बने खेल मैदान में दबा दिया था। प्राथमिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि कंवर सिंह को किसी बहाने बुलाकर सिर में चोट मार कर उसकी हत्या की थी। जिसके सड़ने पर गांववासियों ने पुलिस को सूचित किया तो पुलिस ने शव 24 नवंबर को बरामद किया था। मामले के दोनों आरोपियों को एएसआई अनूप की टीम ने गांव भूरावास से गिरफ्तार कर बुधवार को कोर्ट में पेश किया गया।