अमर उजाला ब्यूरो
बादली।
एक ओर जहां जिला प्रशासन मुख्यमंत्री मनोहर लाल के कार्यक्रम की तैयारियों और सुरक्षा में जुटा था, वहीं कार्यक्रम स्थल से कुछ ही दूरी पर स्थित मुंडाखेड़ा पंप हाउस पर दर्जनों हथियारबंद युवकों ने कर्मचारियों के साथ लूट की घटना को अंजाम दिया। लुटेरों ने एक-एक कर करीब दो दर्जन कर्मचारियों और श्रमिकों को बंधक बनाकर उनके साथ मारपीट की। उनकी जेब से पैसे और पंप हाउस से ट्रांसफार्मर की कॉपर चोरी कर ले गए।
गांव मुंडाखेड़ा में गुड़गांव रोड पर एनसीआर माइनर के लिए पंप हाउस बनाया गया है। रविवार सुबह 10-12 युवकों ने यहां लूटपाट की वारदात को अंजाम दिया। पंप हाउस पर तैनात ऑपरेटर जोगिंदर ने बताया कि 10 से 12 युवक पिछला दरवाजा तोड़कर अंदर आए और उन्होंने सबसे पहले चौकीदार साधु को एक रस्सी से बांध दिया। बाद में उन्होंने हवासिंह ऑपरेटर, राकेश बेलदार और जोगिंदर ऑपरेटर के हाथों को कमर के पीछे एक रस्सी से बांधा और आगे बढ़ते हुए बेलदार पवन और अशोक के कमरे में घुसकर रस्सी से बांध दिया। बाद में लुटेरों ने सभी कर्मचारियों को एक कमरे में एकत्रित कर बंद कर दिया और कमरे में साधु चौकीदार के रखे हुए 3 हजार रुपये और उसकी अलमारी में रखे चांदी और सोने के जेवरात ले लिए। लुटेरों ने पंप हाउस के पास ही एक बड़े हॉल में रहने वाले 16 श्रमिकों को भी बंधक बनाया और वहां पर एक बड़े बिजली के ट्रांसफार्मर को खोलकर उसकी कॉपर निकाल ली।
दो घंटे तक जमकर किया उत्पात
लुटेरों का हौसला इस तरह से बुलंद था कि उन्होंने ऑपरेटर हवासिंह की मोटरसाइकिल ली और लूटे गए सभी सामान को बारी-बारी से कहीं रख आए। ऑपरेटर जोगिंदर के अनुसार करीब 5 लोगों के हाथों में रिवॉल्वर और बाकी युवकों के हाथों में भी नुकीले हथियार थे। लुटेरों ने करीब 2 घंटे तक पंप हाउस में रहकर जमकर उत्पात मचाया। बाद में लूटेरे सामान को लेकर भाग गए जबकि सभी कर्मचारियों को एक रूम में बंद कर दरवाजे को बाहर से बंद कर गए। लुटेरों के जाने के पर पवन नामक बेलदार ने किसी तरह से रस्सी से बंधे हुए अपने हाथ खोले और दरवाजा तोड़कर सभी कर्मचारियों को बाहर निकाला।
एनसीआर पर बेलदार अशोक ने बताया कि उन्होंने रात के समय मौत का मंजर देखा है, क्योंकि लुटेरों ने उनकी गर्दन पर रिवाल्वर तानकर पहले तो जमकर पिटाई की और बाद में उनके सामान को चोरी कर ले गए। घटना की जानकारी पुलिस को भी दी गई और मौके पर पुलिस ने पहुंचकर कार्यवाई शुरू कर दी है मगर 24 घंटे गुजरने के बाद भी लुटेरों का कोई सुराग नहीं चल सका है। घटना के बाद पंप हाउस के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई की मांग की।
सदमे में कर्मचारी
लूट की घटना के बाद कर्मचारी पूरी तरह से सदमे में हैं और स्वयं को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। कर्मचारी हवासिंह, राकेश, साधु चौकीदार, जोगिंदर ऑपरेटर, पवन बेलदार, अशोक एनसीआर बेलदार ने बताया की उन्होंने मौत का जो मंजर देखा है उससे उन्हें अभी तक भयभीत हैं। वह अभी पूरी तरह से सदमे में हैं साथ ही सभी कर्मचारियों ने पुलिस से रात के समय गस्त और सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है।
वर्जन
पीड़ितों की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया गया है। मामले की गंभीरता से जांच जारी है। जल्द ही युवकों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
-मनोज कुमार, चौकी प्रभारी, बादली
सीएम कार्यक्रम से पहले समारोह स्थल से कुछ दूरी पर पंप हाउस से लूट
-दर्जनों हथियारबंद युवकों ने कर्मचारियों को बंधक बनाकर दिया वारदात को अंजाम
---फोटो 6 : लूट की घटना के बाद सदमे में बैठे कर्मचारी।
---फोटो 7 : बिजली के ट्रांसफार्मर को दिखाता कर्मचारी।
---फोटो 8 : दहशत में चौकीदार का परिवार।