अमर उजाला ब्यूरो
बहादुरगढ़।
इलाके में एक के बाद एक वाहन छीनने की वारदात बढ़ती जा रही हैं। शुक्रवार को भी बदमाशों ने गांव खैरपुर के पास पिस्तौल दिखाकर दिन दहाड़े गाड़ी छीन ली। गाड़ी छीनकर बदमाश दिल्ली की तरफ फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस की एक टीम बदमाशों को पकड़ने के लिए दौड़ी। देर शाम तक बदमाश पुलिस के हाथ नहीं आ पाए थे। इधर, सदर थाने में पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
सोनीपत के गांव बारोटा स्थित एक कंपनी से एक बोलेरो गाड़ी शुक्रवार को गुरुग्राम में माल उतारने गई थी। माल उतारने के बाद दोपहर को गाड़ी वहां से वापसी के लिए चली। जब गाड़ी खैरपुर मोड़ के पास पहुंची तो अचानक पीछे से आ रही स्कॉर्पियो ओवर टेक कर गाड़ी के आगे आ गई। जिस कारण बोलेरो चालक शिव कुमार को गाड़ी रोकनी पड़ी। तभी स्कॉर्पियो में से चार युवक उतरे। उनमें से एक के हाथ में पिस्तौल थी। गाड़ी मालिक शिवचरण के मुताबिक, बदमाशों ने ड्राइवर शिव कुमार को गाड़ी से उतरने को कहा। जब शिव कुमार ने विरोध किया तो उन्होंने पिस्तौल तान दी। इसके बाद बदमाशों ने उसे गाड़ी से नीचे उतार दिया और गाड़ी को दिल्ली की तरफ लेकर फरार हो गए। स्कॉर्पियो गाड़ी भी उसी तरफ रवाना हो गई। वारदात के बाद चालक शिव कुमार ने पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस ने इलाके में घेराबंदी कर दी। एक टीम तो दिल्ली की तरफ रवाना हो गई।
बताते हैं कि गाड़ी में जीपीएस होने की वजह से वाहन मालिक को उसकी लोकेशन मिलती रही। करीब पौने चार बजे गाड़ी की लोकेशन दिल्ली क्षेत्र में दिखाई दी। लोकेशन ट्रैक कर पुलिस भी लगातार उनका पीछा कर रही थी। बताया तो ये भी जा रहा है कि पुलिस उक्त बदमाशों को दिल्ली से गाड़ी समेत काबू कर चुकी है, मगर देर रात तक इसकी पुष्टि नहीं हो पाई थी।
6 दिन में चार वारदात
छह दिन के भीतर इलाके में वाहन छीनने की 4 वारदात हो चुकी हैं। गत 9 जुलाई की देर शाम गांव सिद्दीपुर में दिल्ली पुलिस की गन प्वाइंट पर सैंट्रो कार छीनी गई। इसके 24 घंटे बाद ही बादली के पास टेम्पो और माजरा के पास स्विफ्ट कार छीनी गई। दो दिन पहले ही एक वारदात के सुलझने से पुलिस को थोड़ी राहत मिली ही थी कि अब एक और वारदात हो गई।
वर्जन
उधर, सदर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर जसबीर सिंह ने कहा कि वाहन चालक की शिकायत पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। बदमाशों की तलाश की जा रही है। शीघ्र ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
- बदमाशों ने गांव खैरपुर के पास दिया घटना को अंजाम