बुपनियां मर्डर केस में आरोपी ने किया खुलासा, डीजे पर नाचते वक्त हुआ था विवाद
बहादुरगढ़/बादली पुलिस ने गांव बुपनियां निवासी प्रवीण की हत्या के आरोप में गांव के युवक प्रीतम का गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि डीजे पर नाचने के दौरान हुई हलकी कहासुनी की खुन्नस में उसने प्रवीण की नहर पर ले जाकर हत्या कर दी। बुधवार को उसे अदालत में पेश किया जाएगा।
दरअसल, बुपनियां निवासी प्रवीण रविवार की रात को गांव में आयोजित एक शादी समारोह में गया था, रात को वह घर नहीं लौटा, सोमवार सुबह जब गांव के युवक टहलने गए तो उसका शव नहर के किनारे पाया गया। सिर में चोट के निशान थे। पुलिस ने इस मामले में हत्या का केस दर्ज करते हुए जांच शुरू की। मृतक प्रवीण दो बच्चों का पिता था। पुलिस जांच के दौरान सामने आया कि डीजे पर नाचने के दौरान प्रवीण का गांव के निवासी एक युवक प्रीतम के साथ झगड़ा हो गया था। शक के आधार पर पुलिस ने गांव से प्रीतम को काबू कर उससे सख्ती से पूछताछ की तो उसने हत्या की वारदात कुबूल कर ली। असल में, जिस ट्रैक्टर में मोबाइल डीजे लगा था वह प्रीतम का है। रात को डीजे पर नाचते वक्त प्रवीण और प्रीतम में हलकी कहासुनी हो गई। तब लोगों ने बीच बचाव कर मामला शांत करा दिया। रात 11 बजे के बाद डीजे बंद होने पर प्रीतम डीजे रखवाने की बात कहकर प्रवीण को अपने साथ ले गया। शाहपुर रोड पर नहर के पास पहुंचने पर प्रीतम ने तेजधार हथियार से प्रवीण के सिर पर वार किया और उसे नहर किनारे छोड़ दिया। सिर में गंभीर चोट आने के कारण प्रवीण की मौत हो गई।
बाक्स
ग्रामीणों से पूछताछ में मिला दोनों के बीच हुए झगड़े का सुराग
वारदात को अंजाम देकर प्रीतम निकल दिया, लेकिन जब ग्रामीणों ने पुलिस को डीजे पर नाचने के दौरान हुए झगड़े के बारे में बताया तो यह हत्या की गुत्थी खुलती चली गई। बादली थाना प्रभारी अशोक दहिया ने कहा कि हत्यारोपी गिरफ्तार कर लिया गया है। बुधवार को उसे अदालत में पेश किया जाएगा।
-
---