अमर उजाला ब्यूरो
बेरी।
गांव डीघल के दो परिवारों में हुए झगड़े में एक पक्ष ने दूसरे पक्ष फायरिंग कर दी। हालांकि इसमें कोई हताहत तो नहीं हुआ, लेकिन मौके पर हुए इन फायरों से घटनास्थल के आस-पास और गांव डीघल में दहशत का माहौल जरूर व्याप्त हो गया।
पुलिस से मिली जानकारी अनुसार डीघल गांव के शमशेर व राज सिंह के परिवार में किसी मामले को लेकर पिछले काफी लंबे समय से टकराव की स्थिति चली आ रही है। इसी रस्साकशी के चलते इन दोनों ही परिवारों में मंगलवार को आपसी कहासुनी हो गई। कहासुनी के दौरान दोनों में हाथापाई हो गई। इसी दौरान एक पक्ष अपनी लाईसेंसी रिवाल्वर निकाल लाया। उसने मौके पर ही अपनी इसी लाईसेंसी रिवाल्वर से चार फायर किए। यह गोलियां किसी को लगी तो नहीं, लेकिन इन फायर की वजह से घटनास्थल के आस-पास दहशत का माहौल जरूर व्याप्त हो गया। बाद में इस घटना की सूचना किसी ने पुलिस को दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों ही पक्षों को डीघल पुलिस चौकी ले आई। समाचार लिखे जाने तक इस मामले में पुलिस ने कोई गिरफ्तारी नहीं की है, लेकिन पुलिस मामले की बारीकी से छानबीन करने में जरूर जुटी हुई थी। पुलिस का कहना है कि मौके से गोली का एक खोल मिला है और दोनो पक्षों के बयान लिए जा रहे हैं।
वर्जन
गांव डीघल में दो पक्षों में हुए झगड़े में गोली चलने की सूचना मिली थी और मौके पर डीघल पुलिस पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया गया और मौके पर एक खोल बरामद किया गया है और दोनों पक्षों के बयान लिए जा रहे है। जो भी कानूनी कार्रवाई होगी अमल में लाई जाएगी।
- जितेंद्र डीएसपी बेरी।
- पूर्व सैनिक ने अपनी लाईसेंसी रिवॉल्वर से किए फायर
- सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, मामले की हो रही है जांच