अमर उजाला ब्यूरो
बहादुरगढ़।
बिना अनुमति के डीजे बजाते हुए सेक्टर-6 चौकी पुलिस ने सामान सहित एक गाड़ी को जब्त किया है। पुलिस टीम को देखकर गाड़ी का चालक व डीजे संचालक गाड़ी और सामान को छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने उनके खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
थाना शहर क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली सेक्टर-6 चौकी पुलिस प्रभारी उप निरीक्षक बालकिशन ने बताया कि वह अपनी टीम के साथ चौकी के एरिया में गश्त पर तैनात थे। गश्त के दौरान टीम को सूचना मिली कि सेक्टर-6 के एरिया में एक पिकअप गाड़ी पर डीजे रखा हुआ है और ऊंची आवाज में डीजे पर संगीत चल रहा है। जिस पर टीम तत्परता से मौके पर पहुंची तो पुलिस को आता देख गाड़ी का चालक और डीजे संचालक मौके पर गाड़ी छोड़कर फरार हो गए। जिस पर पुलिस टीम द्वारा निवारक कार्रवाई करते हुए डीजे सहित पिकअप गाड़ी को नियमानुसार कार्यवाही करते हुए जब्त करके पुलिस ने कब्जे में लिया। गौरतलब है कि एसएसपी बी सतीश बालन द्वारा रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक डीजे बजाने पर पाबंदी लगाने तथा बाकी समय में भी प्रशासनिक अनुमति के पश्चात ही डीजे निर्धारित नियमों के अनुसार बजाने के दिशा निर्देश दिए थे। एसएसपी बी सतीश बालन के दिशा निर्देशानुसार व एएसपी शशांक कुमार सावन के मार्गदर्शन में कार्रवाई करते हुए नियमों का उल्लंघन करते पाए जाने पर चौकी प्रभारी सेक्टर-6 बहादुरगढ़ उप निरीक्षक बालकिशन की टीम द्वारा एक पिकअप गाड़ी को ऊंची आवाज में डीजे बजाते हुए पकड़े जाने पर कार्रवाई अमल में लाई गई।