बीस सप्ताह में रकम दोगुनी करने का झांसा देकर दो शातिरों ने लोगों से 9 लाख 83 हजार रुपये ठग लिए। एक नेटवर्क मार्केटिंग कंपनी में रुपये निवेश करने के नाम पर ठगी की गई है। पीड़ित व्यक्ति की शिकायत पर शहर थाना पुलिस ने ठगी का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में बिरधाना, झज्जर निवासी रमेश ने कहा है कि वह प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करता है। बहादुरगढ़ के एमआईई क्षेत्र में उसका ऑफिस था। अक्तूबर 2018 में जब वह अपने ऑफिस जा रहा था तो मेट्रो स्टेशन के नजदीक उसका परिचित जगबीर निवासी दुजाना व संदीप मिले। उस दौरान जगबीर ने कहा कि उसने प्रोडक्ट बेस सीट्रो मार्केटिंग प्राइवेट लिमिटेड नाम से कंपनी खोल रखी है। तुम उसमें रुपये लगाओ, 20 सप्ताह में रकम दोगुनी करके दे दूंगा। मैं उसके झांसे में आ गया। जगबीर और संदीप ने यह भी कहा कि आपका प्रॉपर्टी डीलिंग का काम है। आपको मार्केट की जानकारी है, आप कुछ और लोगों को जोड़ों। चेन सिस्टम में हम आपकी आईडी ऊपर लगा देंगे, जिससे दूसरों का लाभ भी आपके हिस्से में आएगा। रमेश ने बताया कि उसने अपने साथी राकेश, नवीन, वेद प्रकाश, संजय, बंटू और सीमा को अपने ऑफिस में एक दिन बुलाया। उस दिन जगबीर व संदीप ने सभी को 20 सप्ताह में रुपये डबल करने का प्लान समझाया। हम सभी से उन्होंने 9 लाख 83 हजार रुपये ले लिए। कुछ समय बाद जगबीर और संदीप ने ऑफिस में आना बंद कर दिया। बीस सप्ताह बीते तो मेरे साथियों ने मुझ पर रुपये लाने का दबाव बनाना शुरू कर दिया। तब मैंने अपनी पत्नी के जेवर गिरवी रखकर लोगों के 8 लाख 35 हजार 493 रुपये उतार दिए। रुपये वापसी के लिए जब जगबीर से बात करने के प्रयास किए तो उसके दोनों नंबर बंद थे। उसके घर गया तो परिजनों ने धमकी दी कि दोबारा पैसे मांगने आए तो जान से मार देंगे।
अब राजस्थान में कर रहे ठगी
रमेश ने बताया कि जगबीर व संदीप अपने रिश्तेदारों के साथ मिलकर हजारों लोगों के साथ ठगी कर चुके हैं। ये रुपये इकट्ठे करने के बाद जगह बदल लेते हैं। फिलहाल ये राजस्थान के जयपुर में डिजिटल सोफनी नाम की कंपनी से अपनी ठगी का धंधा चला रहे हैं। पुलिस जल्द से जल्द उन्हें गिरफ्तार करे ताकि वे और लोगों को ठगी का शिकार न बना सकें।
शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। आरोपियों की तलाश की जा रही है। जल्द ही मामले को सुलझाया जाएगा। लोगों से अपील है कि किसी तरह के झांसे में न आएं।
रवि कुमार, सिटी थाना प्रभारी, बहादुरगढ़।