बस स्टैंड परिसर पर बस को हरी झंडी दिखाते विधायक सुखविंद्र मांढ़ी।
- फोटो : CharkhiDadri
अब चरखी दादरी से लोगों को बीकानेर व हरिद्वार के लिए सीधी रोडवेज बस सेवा का लाभ मिलेगा। बाढड़ा विधायक सुखविंद्र मांढी ने दोनों बसों को दादरी बस स्टैंड से हरी झंडी दिखाकर वीरवार को रवाना किया। इस दौरान बस स्टैंड व बाहरी क्षेत्रों में डस्टबिन रखते हुए रोडवेज ने आमजन को स्वच्छता के प्रति जागरूकता का संदेश देने का संकल्प लिया। साथ ही बस स्टैंड परिसर में रोडवेज बसों की ट्रेनिंग ले रहे युवाओं ने रक्तदान करके लोगों के स्वास्थ्य की कामना की।
दादरी बस स्टैंड से हरिद्वार व बीकानेर के लिए रोडवेज बसों को रवाना करने के बाद विधायक सुखविंद्र मांढी ने कहा कि हरियाणा सरकार ने यात्रियों की सुविधा के लिए ग्रामीण क्षेत्रों के साथ-साथ अन्य प्रदेशों तक पहुंचाने के लिए लंबे रूट की बसों का संचालन किया जा रहा है। इसी कड़ी में दादरी से हरिद्वार व बीकानेर के लिए बसें चलाई गई हैं। विधायक ने कहा कि आगामी दिनों में भी यात्रियों की सुविधा के लिए कई रूटों पर बसों का संचालन किया जाएगा। वहीं इस दौरान बस स्टैंड व आसपास के क्षेत्रों में रोडवेज विभाग द्वारा डस्टबिन रखवाए गए। बस स्टैड पर आने वाले यात्रियों को स्वच्छता का संदेश देने के लिए रोडवेज विभाग अपने स्तर पर आसपास के क्षेत्रों में सफाई करवाएगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए डिपो जीएम धनराज कुंडू ने बताया कि लोगों की काफी लंबे से डिमांड थी, जिसको लेकर दादरी से हरिद्वार व बीकानेर के लिए सीधी बसें चलाई हैं। उन्होंने कहा कि विभाग द्वारा स्वछता का संदेश देने के लिए भी डस्टबिन रखवाए गए हैं। इस अवसर पर वर्कशॉप मैनेजर नवीन शर्मा, अधीक्षक जितेंद्र सिंह, रणबीर गहलौत, राजेश रावलधी, भूप धनासरी, राजकुमार घिकाड़ा, विजय लांबा, रिंपी फौगाट, श्रीभगवान व कृष्ण ऊण आदि उपस्थित थे।
11 बजे चलेगी हरिद्वार के लिए बस
रोडवेज अधिकारियों ने बताया कि दादरी से हरिद्वार के लिए सीधी बस सुबह 11 बजे चलेगी। हरिद्वार से बस की वापसी का समय सुबह 7:50 बजे रहेगा। इसके अलावा बीकानेर की बस सुबह 11 बजे चलेगी। यह बस पहले दिल्ली जाएगी और दिल्ली से वापस दादरी होते हुए बीकानेर जाएगी। यात्रियों की मांग के अनुसार बसों के समय में बदलाव के लिए भी विभाग तैयार है।