इलाके की एक कंपनी के लिए आई 10 लाख रुपये की सीमेंट पूर्व कर्मचारी ने कहीं और उतरवा ली। ट्रांसपोर्ट कंपनी की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में महेंद्रगढ़ के निवासी इंद्रपाल ने कहा है कि उसके जीजा केहर सिंह की नारनौल में खोश्या रोड लाइंस से फर्म है। उक्त फर्म के पास अल्ट्राटेक सीमेंट की ट्रांसपोर्टेशन एवं सीएंडएफ का काम है। मैं उक्त फर्म की देखरेख करता हूं। गत 23 अगस्त को हमने रेलवे रैक झज्जर से दो ट्रक सीमेंट के कट्टे लोड कराकर बहादुरगढ़ में भेजे। इन गाड़ियों में 800-800 कट्टे थे। जबकि पांच सितंबर को एक गाड़ी रेवाड़ी से लोड करके बहादुरगढ़ भेजी। इसमें 600 कट्टे थे। तीनों गाड़ियों का माल बहादुरगढ़ के गणपति धाम स्थित पीआरएल प्रोजेक्ट एंड इन्फ्रास्ट्रक्चर कंपनी को जाना था। दरअसल, इस कंपनी में पहले चीनू नाम का शख्स काम करता था। चीनू से संपर्क करके ही ड्राइवर माल उतारते थे। इस दफा भी गाड़ियों के ड्राइवरों ने चीनू से संपर्क किया तो चीनू ने उक्त कंपनी के बजाय 24 अगस्त को सोलधा में दो गाड़ियों के 1600 कट्टे तो छह सितंबर को छुड़ानी में 600 कट्टे उतरवा लिए। जब चालकों ने बिलों पर हस्ताक्षर व मोहर के लिए चीनू के पास फोन किया तो वह नहीं आया। बोला तुम बिल यहीं छोड़ जाओ, मोहर लगा कर भिजवा दूंगा। कुछ दिनों बाद बिलों के पर्चे आए तो उस पर फर्जी हस्ताक्षर थे, मोहर नहीं लगी हुई थी। इस संबंध में जब पीआरएल प्रोजेक्ट कंपनी से बात की तो मालूम पड़ा कि चीनू कंपनी में काम नहीं करता और न ही हमारे पास माल पहुंचा है। जब चालकों ने उसके पास कॉल की तो उसने चालकों से जान से मारने की धमकी दी। उक्त आरोपी चीनू ने हमारी कंपनी के साथ 10 लाख के माल की ठगी की है। पुलिस जल्द से जल्द आरोपी को गिरफ्तार करे। उधर, सदर थाना पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।