शहर के टाउन पार्क में रविवार रात करीब नौ बजे एक प्रेमी युगल बैठा हुआ था। इसी दौरान वहां पर मौजूद दूसरे लोगों को पता चला कि लड़का दूसरे समुदाय का है तथा युवती भी दूसरे समुदाय से संबंध रखती है। इतना पता चलते ही लोगों ने युवक की धुनाई शुरू कर दी। झगड़े का पता लगने पर पुलिस मौके पर पहुंची व युवक-युवती को अपने साथ सिटी थाना ले गई। पीड़ित युवक ने बताया कि वह मूलरूप से यूपी का रहने वाला है तथा झज्जर में दो साल से किराये पर रहकर कपड़े बेचने का कार्य कर रहा है। वहीं उसके साथ मौजूद लड़की दिल्ली के घूमनहेड़ा की रहने वाली है, जो कि उसकी दोस्त है। उक्त युवती रविवार को उससे मिलने के लिए झज्जर आई हुई थी। रात को करीब नौ बजे वे पार्क में बैठे हुए थे तो वहां पर कुछ लोग आए, जिन्होंने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। लोगों ने उसे बुरी तरीके से पिटाई की। पीड़ित की कमर पर भी डंडों के निशान हैं। पीड़ित ने कहा कि वह किसी प्रकार की पुलिस में शिकायत नहीं देना चाहता क्योंकि उसे यहीं पर रहकर अपना धंधा करना है। ऐसे में वह इस प्रकार के लोगों से दुश्मनी नहीं रखना चाहता।
पार्क में युवक की पिटाई की सूचना मिली थी। जब मौके पर पहुंचे तो आरोपी वहां से भाग चुके थे। मौके पर मौजूद युवक व युवती को सुरक्षित वहां से थाने में लाया गया। जहां पर युवती के परिजनों को सूचित कर दिया गया है। पीड़ित ने किसी प्रकार की शिकायत देने से मना कर दिया है।
प्रवीन यादव, सिटी थाना, झज्जर।