फोटो 26 दादरी-रोहतक रोड पर सांवड़ के समीप हुए हादसे में क्षतिग्रस्त वैगनोर।
- फोटो : CharkhiDadri
दादरी- रोहतक मुख्यमार्ग पर गांव सांवड़ के समीप सोमवार सुबह असंतुलित होकर कार पलट गई। घटना में कार सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि महिला सहित तीन लोग घायल हो गए। घायलों का पीजीआई रोहतक में उपचार चल रहा है। वहीं, बौंदकलां थाना पुलिस ने क्षतिग्रस्त कार को अपने कब्जे में ले लिया। जांच अधिकारी राधेश्याम ने बताया कि मृतक के परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया और घायलों के पुलिस ने बयान दर्ज कर लिए हैं। हादसे का कारण संतुलन बिगड़ना बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार झिंझर निवासी रामकिशन, हुक्मकौर, पवन व अतुल रोहतक स्थित अपनी रिश्तेदारी में एक शादी समारोह में शरीक होने गए थे। शादी रविवार की थी और सोमवार सुबह करीब सवा चार बजे कार से अपने गांव झिंझर लौट रहे थे। जब वो सांवड़ गांव के समीप पहुंचे तो अचानक चालक संतुलन खो बैठा और कार अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। घटना में कार सवार चारों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्हें उपचार के लिए सीधा पीजीआई रोहतक ले जाया गया। पीजीआई पहुंचने पर रामकिशन को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया जबकि तीनों घायल वहां उपचाराधीन हैं। मामले की सूचना पाकर बौंदकलां थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त कार को अपने कब्जे में ले लिया। जांच अधिकारी राधेश्याम ने बताया कि मृतक रामकिशन का पीजीआई में पोस्टमार्टम कराने से परिजनों ने इंकार कर दिया।