बहादुरगढ़। गांव निलौठी की विवाहिता ने ससुरालियों पर उसके साथ मारपीट करने का आरोप लगाया है। महिला ने इसकी शिकायत आसौदा थाना में दी है। पुलिस ने विवाहिता की शिकायत पर ससुरालियों के खिलाफ मारपीट करने के आरोप में केस दर्ज कर लिया है। अभी तक मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
पुलिस को दी शिकायत में हर्षिता निवासी जौनती ने बताया है कि उसकी शादी वर्ष 2019 में निलौठी के रहने वाले सुमित के साथ हुई थी। शादी के 15 दिनों के बाद ही ससुरालियों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी थी। आरोप है कि कई बार उसके साथ मारपीट के साथ-साथ जान से मारने की कोशिश भी की गई। हर्षिता ने कहा कि मारपीट करने में न केवल उसका पति बल्कि पूरा परिवार शामिल रहा है। हर्षिता ने बताया कि 22 फरवरी को करीब साढ़े 9 बजे उसके पति सुमित ने बिना किसी वजह के उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। पति ने उस पर डंडे व लात घूसों से वार किया गया। जब उसने शोर मचाया तो उसकी सास पहुंची और उसने उसका मुंह बंद कर दिया। इसके बाद उसकी ताई सास रोशनी ने भी उसे गाली दी। जब उसने इसका विरोध किया तो सभी ने मिलकर उसे पीटा। साथ ही गला दबाकर जान से मारने की कोशिश की। इसके बाद जैसे-तैसे उसने इसकी सूचना अपने परिजनों को दी। इसके बाद परिवार वाले मौके पर पहुंचे। आरोप है कि जब उसके परिवार वाले यहां पहुंचे तो उसके जेठ राजू, बुआ नारायणी, सास और ताई सास ने अभद्र व्यवहार किया और गाली गलौच किया। थाना आसौदा पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर पति समेत अन्य ससुरालियों के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।