झज्जर। झज्जर पुलिस की विभिन्न टीमों ने विशेष मुहिम के तहत कार्रवाई करते हुए पटाखे बजाकर दहशत फैलाने वाले बुलेट मोटरसाइकिल चालकों तथा काली फिल्म लगे वाहनों को काबू करके उनके चालान काटे। पुलिस आयुक्त बी. सतीश बालन के निर्देश पर पुलिस की विभिन्न टीमों ने जनवरी-फरवरी 2024 में पटाका बजाते बुलेट मोटरसाइकिल व नियम विरुद्ध काली फिल्म लगे वाहनों के चालान काटे।
गली-मोहल्लों, भीड़-भाड़ वाले बाजारों, सार्वजनिक सड़कों, चौक-चौराहों व अन्य सार्वजनिक स्थानों पर जानबूझकर नियमों का उल्लंघन करके मोटरसाइकिल से पटाखे बजाने वालों की अब खैर नहीं है। इस संबंध में यातायात पुलिस के अलावा सभी थाना प्रबंधकों व चौकी प्रभारियों को जरूरी दिशा निर्देश दिए गए हैं। झज्जर में कोई भी नागरिक बुलेट पटाखा बजाते या फिर काली फिल्म की कार दिखाई दे तो उसकी सूचना संबंधित एरिया के थाना प्रबंधक या पुलिस कंट्रोल रूम झज्जर को दे सकता है। सूचना देने वाले का नाम व पता गुप्त रखा जाएगा। इस अवधि के दौरान सायलेंसर बदलवा कर पटाखा बजाते, प्रेशर हॉर्न का उपयोग, काली फिल्म लगे वाहनों व अन्य ट्रैफिक रूल्स का उल्लंघन करते हुए पाए जाने पर 62 बुलेट पटाखा मोटरसाइकिल व 77 काली फिल्म लगी गाड़ियों के चालान किए गए। इनमें से 21 बुलेट पटाखा मोटरसाइकिलों व 11 काली फिल्म लगी गाड़ियों को इंपाउंड किया गया। नियमों का उल्लंघन करते पकड़ी गई बुलेट पटाखा मोटरसाइकिलों पर 10 से 20 हजार रुपये तक का जुर्माना किया गया। इस संबंध में यातायात थाना प्रबंधक बहादुरगढ़ नरेश संधु व यातायात प्रभारी झज्जर उप निरीक्षक दिलावर ने बताया कि सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों की पालना को सुनिश्चित करने के लिए झज्जर यातायात पुलिस द्वारा विशेष जागरूकता एवं चेकिंग अभियान चलाया गया है।