बहादुरगढ़। मंगलवार को नगर परिषद के सभागार में पेमेंट अपू्रवल कमेटी की पहली बैठक हुई। बैठक एक घंटा देरी से शुरू हुई तो इस पर पार्षदों ने आपत्ति जताई और भविष्य में समय पर बैठक शुरू करने की मांग उठाई।
बैठक में सिक्योरिटी, ईएमडी, सफाई कार्य व बंदर पकड़ने के कार्य की करीब पांच करोड़ की राशि का भुगतान करने की स्वीकृति दी गई। पार्षद सुनैना मलिक ने बंदर पकड़ने के कार्य के भुगतान को लेकर एतराज जताया, लेकिन इसे सामूहिक समस्या करार देते हुए भुगतान की स्वीकृति दे दी गई। बैठक में विकास कार्यों के भुगतान को लेकर चर्चा हुई तो डीएमसी की ओर से बनाए गए प्रोफार्मा के अनुसार कोई भी बिल प्रस्तुत नहीं किया गया। इस पर जब बैठक के सदस्य सचिव कार्यकारी अभियंता डालचंद शर्मा से सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि मुझे इस बैठक की कोई सूचना नहीं मिली थी, वे सुबह कार्यालय में पहुंचे तो ही उन्हें पता चला कि पेमेंट अपू्रवल कमेटी की बैठक है। ऐसे में वे सभी बिल प्रोफार्मा अनुसार नहीं बनवा सके।
एक्सईएन के इस जवाब पर पार्षदों ने भी कहा कि बैठक की सूचना समय पर सभी संबंधित सदस्यों को भिजवाई जाए। साथ ही कमेटी के चयनित सदस्य पार्षद विशाल गर्ग ने कहा कि जो भी बिल बैठक में पास करने के लिए प्रस्तुत किए जाए, उनका पूरा ब्यौरा पहले से ही सभी सदस्यों को भेज दिया जाए ताकि संबंधित कामों का निरीक्षण भी किया जा सके। ऐसे में सभी सदस्यों ने सर्वसम्मति से बैठक को स्थगित कर दिया और सभी विकास कार्यों के बिलों का भुगतान करने के लिए 4 दिसंबर को दोबारा से बैठक करने का फैसला लिया गया। साथ ही डीएमसी जगनिवास ने एक्सईएन को भुगतान के लिए बिल प्रस्तुत करने से पहले सभी विकास कार्यों का प्रोफार्मा अनुसार रिपोर्ट तैयार की जाए। ऐसे में अब 4 दिसंबर को दोबारा से पेमेंट अपू्रवल कमेटी की बैठक होगी।