बहादुरगढ़। वार्ड संख्या 15 की पार्षद प्रीति राठी ने नगर परिषद प्रशासन पर वार्ड नंबर-15 में विकास कार्य नहीं कराने का आरोप लगाया है। नगर परिषद की बैठक में वार्ड की समस्याएं उठाने के बाद भी अनदेखा किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि वार्ड में बंदरों की समस्या से लेकर सीवर, कच्ची गलियां, नालियों के टूटे जाल, खराब स्ट्रीट लाइटें, बरसाती पानी की निकासी से संबंधित कई बार शिकायतें दी गई हैं, लेकिन हमारे वार्ड के साथ सौतेला व्यवहार हो रहा है। पार्षद प्रीति ने कहा कि वार्ड में समस्याओं का अंबार लगा हुआ है, जिन्हें कई बार वह अपने निजी खर्च से हल भी करा चुकी हैं और इस संदर्भ में नगर परिषद चेयरपर्सन व अधिकारियों को मौखिक व लिखित तौर से अवगत भी गया है, लेकिन नगर परिषद समस्याओं को हल कराने में कोई रुचि नहीं दिखा रही।