बहादुरगढ़। बार एसोसिएशन बहादुरगढ़ के निर्वाचन अधिकारियों (आरओ) का आपसी विवाद सुलझ गया है।
पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट की बार काउंसिल ने आरओ सुरेंद्र सिंह लोहचब की शिकायत पर सुनवाई के बाद फैसला देते हुए संजय शर्मा को आरओ पद से हटा दिया है। बार काउंसिल के चेयरमैन डाॅ. विजेंद्र सिंह अहलावत ने फैसले में स्पष्ट किया है कि संजय शर्मा अब आरओ का काम नहीं कर सकेंगे।
बार काउंसिल ने शिकायत को सही मानते हुए कहा कि संजय शर्मा ने आरओ रहते हुए बार काउंसिल के नियमों के खिलाफ निर्णय लिया है। ऐसे में यह मामला स्टेट बार काउंसिल के संज्ञान में लाया गया है।
यह मामला अब आगामी कार्रवाई और विचार करने के लिए पांच फरवरी को होने वाली बार काउंसिल की आमसभा में रखा जाएगा। उधर, बार के चुनाव को निष्पक्ष ढंग से कराने की जिम्मेदारी अब सुरेंद्र सिंह लोहचब ही निभाएंगे। वह जल्द ही नामांकन प्रक्रिया का शेड्यूल जारी करेंगे। संजय शर्मा की ओर से आरओ रहते हुए नियुक्त किए गए 18 एआरओ को लेकर फैसला बार काउंसिल की गठित विशेष कमेटी की ओर से लिया जाएगा।
विक्रम छिल्लर को डीबार करने का फैसला बार काउंसिल की ओर से हाईकोर्ट के आदेश के संदर्भ में मंगलवार को लिया जा सकता है। संजय ने कहा कि अब मैं अकेला आरओ हूं।